साहित्य संवाद के नामवर सिंह विशेषांक का लोकार्पण शनिवार को
जेएनवीयू हिन्दी विभाग की शोध पत्रिका
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),साहित्य संवाद के नामवर सिंह विशेषांक का लोकार्पण शनिवार को। हिन्दी विभाग,जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय,जोधपुर की शोध पत्रिका ‘साहित्य संवाद’ के ‘नामवर सिंह विशेषांक’ का लोकार्पण 7 फरवरी को हिन्दी विभाग के स्मार्ट कक्ष में किया जाएगा। संयोजक डॉ. प्रेमसिंह राजपुरोहित ने बताया कि नामवर सिंह 16 अक्टूबर 1970 से 30 सितम्बर 1974 तक हिन्दी विभागाध्यक्ष एवं कला संकाय के अधिष्ठाता रहे। इस अवधि में उन्होंने पाठ्यक्रम निर्माण का महत्त्वपूर्ण कार्य किया,जिसे बाद में देश के अनेक विश्वविद्यालयों,लोक सेवा आयोगों एवं यूजीसी द्वारा अपनाया गया। उनके कार्यकाल को हिन्दी विभाग का स्वर्णकाल माना जाता है।
ढाबे से बाल श्रमिक को कराया मुक्त
हिन्दी विभागाध्यक्ष प्रो.महीपाल सिंह राठौड़ ने वर्ष 2022 में ‘साहित्य संवाद’ पत्रिका की शुरुआत की थी। इसका प्रथम अंक वर्ष 2023 में लोक साहित्य विशेषांक तथा द्वितीय अंक वर्ष 2024 में ‘राष्ट्रीय काव्यधारा विशेषांक’ के रूप में प्रकाशित हुआ। प्रो. राठौड़ इसके संपादक भी हैं।
‘नामवर सिंह विशेषांक’ के लोकार्पण समारोह की अध्यक्षता कला,शिक्षा एवं समाज विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता प्रो.औतार लाल मीना करेंगे। मुख्य अतिथि प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ.हरिदास व्यास होंगे,जो विभाग के पूर्व विद्यार्थी भी हैं। मुख्य वक्ता के रूप में प्रसिद्ध रंगकर्मी अयोध्याप्रसाद गौड़ उपस्थित रहेंगे। स्वागत भाषण विभागाध्यक्ष प्रो.महीपाल सिंह राठौड़ देंगे।
कार्यक्रम में शोधार्थी पंकज राज माथुर एवं मनोहर कंवर शोध पत्र वाचन करेंगे तथा विद्यार्थी सुरभि खींची नामवर सिंह की रचनाधर्मिता पर आधारित स्वरचित कविता का पाठ करेंगी। संगीत विभाग के विद्यार्थी सरस्वती वंदना प्रस्तुत करेंगे। पत्रिका में प्रकाशित सामग्री विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा एवं पुष्टि के उपरांत ही प्रकाशित की जाती है। समीक्षा मंडल में प्रो. सोहनदान चारण,प्रो.सत्यनारायण, प्रो.सदानंद शाही (बीएचयू),प्रो. ओमप्रकाश सिंह (जेएनयू),प्रो. दीपेंद्र सिंह जाडेजा (महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय, बड़ौदा), प्रो.किशोरीलाल रैगर तथा यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास, अमेरिका से डॉ.दलपत सिंह राजपुरोहित सम्मिलित हैं। कार्यक्रम में विभाग के विद्यार्थी, शोधार्थी,शिक्षक तथा शहर के साहित्य प्रेमी उपस्थित रहेंगे।
