Doordrishti News Logo

युवा कांग्रेस ने प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन

पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),युवा कांग्रेस ने प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन। आंगणवा क्षेत्र स्थित खसरा संख्या 73 एवं 74 में जोधपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान गंगा मैया मंदिर एवं बाबा रामदेव मंदिर की चारदीवारी को तोड़े जाने के विरोध में युवा कांग्रेस जोधपुर के जिलाध्यक्ष पुखराज दिवराया के नेतृत्व में जिला कलेक्टर के नाम एडीएम को ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच एवं मंदिर परिसरों की भूमि के नियमितीकरण एवं आवंटन की मांग की गई।

ज्ञापन के माध्यम से पुखराज दिवराया ने कहा कि उक्त धार्मिक स्थल कोई नए निर्माण नहीं हैं,बल्कि पिछले 25 वर्षों से अधिक समय से क्षेत्रवासियों की आस्था,श्रद्धा और सामाजिक एकता के केंद्र रहे हैं। इन मंदिर परिसरों के नियमितीकरण एवं भूमि आवंटन के संबंध में पूर्व में ग्राम पंचायत द्वारा प्रस्ताव पारित कर संबंधित विभागों को पत्राचार भी किया गया था तथा नियमानुसार कार्यवाही प्रस्तावित थी।

इसके बावजूद केवल इन मंदिर परिसरों पर कार्रवाई किया जाना अनेक गंभीर सवाल खड़े करता है। दिवराया ने कहा कि यदि प्रशासन अतिक्रमण हटाने को लेकर गंभीर है तो कानून का पालन सभी पर समान रूप से होना चाहिए। क्षेत्र में हाल ही में निर्मित कई चारदीवारियां एवं निर्माण आज भी यथावत मौजूद हैं,जबकि वर्षों पुराने धार्मिक स्थलों एवं दलित समाज से जुड़े परिसरों पर कार्रवाई की गई है,जिससे भेदभावपूर्ण रवैये की आशंका उत्पन्न होती है।

कार-ट्रक की टक्कर में युवक गंभीर घायल

युवा कांग्रेस ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए तथा प्रभावित पक्षों को न्याय दिलाया जाए। साथ ही मंदिर परिसरों के भूमि आवंटन एवं नियमितीकरण की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए।

इस दौरान चेतन जयपाल,पूर्ण प्रकाश मेघवाल,माना राम मेघवाल,भंवरलाल,दिनेश मेघवाल,बालूराम,दुर्गाराम, गिरधारी लाल,गोकुलराम, अजीत जावा,अभिषेक मेहरा,राजू चौहान,सुनील कड़ेला सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।