स्वच्छता के लिए प्राथमिकता से कार्य करें-डॉ.जोगाराम
- संभाग स्तरीय बैठक में पंचायतीराज योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
- विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन, निरीक्षण एवं डेटा अपलोडिंग पर दिया विशेष जोर
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),स्वच्छता के लिए प्राथमिकता से कार्य करें-डॉ. जोगाराम।शासन सचिव व आयुक्त,पंचायतीराज विभाग,जयपुर डॉ.जोगाराम की अध्यक्षता में शुक्रवार को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर के सभागार में संभाग स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करने के निर्देश प्रदान किए।
उन्होंने संभाग के समस्त जिलों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों को ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई व्यवस्था की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा,ताकि ग्रामीणों में जागरूकता विकसित हो तथा वे घरों से निकलने वाले कचरे का निस्तारण पंचायत द्वारा संचालित वाहनों के माध्यम से कर सकें।
नियमित साफ-सफाई एवं निरीक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश
शासन सचिव ने जैसलमेर,जालोर, पाली,बालोतरा,सिरोही एवं बाड़मेर जिलों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों की मुख्य सड़कों पर नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित करवाई जाए। उन्होंने क्लस्टर प्रभारी टीमों को प्रत्येक 15 दिन में सघन निरीक्षण करने के निर्देश दिए,ताकि स्वच्छता के प्रति ग्रामीणों में व्यवहारिक परिवर्तन लाया जा सके।
इसके साथ ही घर-घर कचरा संग्रहण कार्य में लगे वाहनों के नियमित निरीक्षण तथा डोर-टू-डोर सर्वे कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामों में निर्मित आरआरसी,सामुदायिक शौचालय, कम्पोस्ट पिट एवं सोख्ता गड्ढों का प्रायोगिक सर्वे करवाने पर भी जोर दिया।
विभिन्न योजनाओं की प्रगति,डेटा अपलोडिंग एवं नवाचारों पर जोर
डॉ.जोगाराम ने गोबरधन प्लांट योजना, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट एवं घर-घर कचरा संग्रहण से संबंधित फोटो एवं डेटा को एसबीएम समन्वयकों द्वारा पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए।
01 मई से प्रारम्भ होगी जनगणना 2027 की स्वगणना प्रक्रिया
उन्होंने बर्तन बैंक,स्वामित्व योजना, अन्नपूर्णा रसोई योजना,राज्य वित्त आयोग (षष्ठम),15वें वित्त आयोग,अटल ज्ञान केन्द्र,मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन योजना (फेज 2.1, 2.2 एवं 2.3) की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। साथ ही नव सृजित ग्राम पंचायत समितियों एवं बजट घोषणाओं के अंतर्गत ओपन जिम की भौतिक प्रगति पर भी चर्चा की गई।
अधिकारियों के निरीक्षण एवं रात्रि विश्राम की प्रगति की समीक्षा
बैठक में संभाग के समस्त मुख्यकार्यकारी अधिकारियों द्वारा किए जा रहे निरीक्षण एवं रात्रि विश्राम की प्रगति की भी समीक्षा की गई तथा इसे और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जोधपुर आशीष कुमार मिश्रा, जैसलमेर रश्मि रानी,बाड़मेर के मोहन लाल,पाली के मुकेश चौधरी,सिरोही के प्रकाशचन्द्र अग्रवाल,जालोर के पी. चिदम्बरा,फलोदी एवं बालोतरा के अधिकारी,अधीक्षण अभियंता (वाटरशेड),अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी गणपतलाल सुथार सहित समस्त तकनीकी अधिकारी एवं स्वच्छ भारत मिशन के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
