जोधपुर मंडल में बनेगा महिला कल्याण कोष

  • महिला सशक्तिकरण की दिशा में रेलवे की पहल
  • सेमिनार में वक्ताओं ने कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा व सुविधाएं बढ़ाने की आवश्यकता पर दिया बल

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जोधपुर मंडल में बनेगा महिला कल्याण कोष।अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने महिला शिक्षा, आत्मनिर्भरता तथा कार्यस्थल पर समान अवसर और मूलभूत सुविधाओं के महत्व पर प्रकाश डाला।

महिला सशक्तिकरण,अधिकारों और समाज में महिलाओं के योगदान विषय पर आयोजित इस सेमिनार की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने की। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता केएन कॉलेज की डायरेक्टर प्रो.(डॉ) संगीता लूंकड़ थीं,जबकि राजकीय शारीरिक महाविद्यालय की प्रोफेसर डॉ अंजू मेवाड़ा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थीं।

सोसाइटी ऑफ एनेस्थेसियोलॉजिस्ट्स का स्वास्थ्य जागरूकता अभियान

सेमिनार को संबोधित करते हुए प्रो. लूंकड़ ने कहा कि आज महिलाएं समाज के हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और कार्यक्षमता का परिचय दे रही हैं। शिक्षा,विज्ञान,प्रशासन,खेल और सामाजिक सेवा जैसे क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी निरंतर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पुरुष प्रधान कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए तथा उन्हें आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाने चाहिए।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि जोधपुर मंडल में महिला सशक्तिकरण की दिशा में हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने घोषणा की कि जोधपुर मंडल में महिला कल्याण कोष की स्थापना की जा रही है,जिसके लिए प्रशासन की ओर से एक लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस कोष के माध्यम से मंडल में महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए सकारात्मक पहल की जाएंगी।

डीआरएम ऑफिस में महिला कार्मिकों को मिलेगी सुविधाएं
डीआरएम त्रिपाठी ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय की सभी 12 शाखाओं में बेहतर नए फर्नीचर,आवश्यकता अनुसार आधुनिक व स्वच्छ महिला शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न के मामलों में त्वरित कार्रवाई,चाइल्ड केयर लीव की शीघ्र स्वीकृति,नवजात शिशुओं की कार्य स्थल पर देखभाल की सुविधा,विशेष प्रशिक्षण कोर्स, पेयजल और पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाएं भी जल्द उपलब्ध कराई जाएंगी। इस दौरान डीआरएम ने अथितियों का स्मृति चिह्न से स्वागत किया और उपस्थित महिला कर्मचारियों को महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम भी उपस्थित थे।

प्रारंभ में सहायक कार्मिक अधिकारी भंवर सिंह मीणा ने अतिथियों का स्वागत किया जबकि अंत में सहायक कार्मिक अधिकारी डीएस मीणा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। सेमिनार का संचालन डॉ. निर्मला बिश्नोई ने किया।