Doordrishti News Logo

प्रधानमंत्री पर टिप्पणी को लेकर डोटासरा पर केंद्रीय जलशक्ति मंत्री का पलटवार

जयपुर, सांसद और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस का भारतीयों की संवेदनाओं से क्या लेना- देना? शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री के भावुक भाषण पर टिप्पणी करने वाले कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष भाई गोविंद सिंह डोटासरा से मेरी पूरी सहानुभूति है। पार्टी में टूट न दिखाने की जिम्मेदारी उनको मिली है, अतः इस तरह के बयान देना उनकी विवशता है। असलियत सब जानते हैं। बुधवार को केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस में लोकतंत्र की मांग पर गुलाम नबी आजाद सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ हुआ दुर्व्यवहार पूरे देश ने देखा है। प्रधानमंत्री के आंसू गुजरात से कश्मीर गए निर्दोषों की हत्या को याद कर बहे थे। गुलाम नबी आज़ाद की संवेदना ने उन्हें प्रभावित किया। क्लियर पॉलिटिक्स की समझ न रखने वाले ही संवेदनाओं को टीयर पॉलिटिक्स का नाम दे सकते हैं।
शेखावत ने कहा कि देखने की बात यह है कि इनके कंफ्यूज कांग्रेसी युवराज न सिर्फ अपनी पार्टी के आंसू निकाल रहे हैं, बल्कि जहां-जहां कांग्रेस की सरकार है, वहां की जनता को भी रुला रहे हैं। जय श्रीराम और भारत माता की जय कहने में राहुल गांधी का वोट बैंक टूटता है, इसलिए कांग्रेस प्रोपेगेंडा की पॉलिटिक्स करती है। केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र शेखावत ने कहा कि झूठ, भ्रम, छल से पूरे देश की संवेदनाओं के साथ खिलवाड़ करने वाली कांग्रेस को वरिष्ठ राजनेताओं की संवेदनाएं कैसे नजर आएंगी? देश की पीठ पर वार करने वाले चीन से कांग्रेस के युवराज चुपचाप समझौता कर लेते हैं, देशवासियों को गुमराह करने का कोई मौका नहीं छोड़ते, अंतरराष्ट्रीय पटल पर भारत की छवि धूमिल करने से बिल्कुल नहीं झिझकते।

Related posts: