टीटीई की सतर्कता से हड़पसर ट्रेन में अवैध शराब का जखीरा पकड़ा
- हडपसर-जोधपुर सुपरफास्ट ट्रेन के टॉयलेट से 8 बैग में भरी शराब बरामद
- 51 बोतलें और 144 क्वार्टर जब्त
- जिनकी कीमत 88 हजार रुपए आंकी गई
- पकड़ी गई शराब की मात्रा 81 लीटर है
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),टीटीई की सतर्कता से हड़पसर ट्रेन में अवैध शराब का जखीरा पकड़ा। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल पर चलती ट्रेन में टिकट जांच के दौरान टीटीई की सतर्कता से अवैध रूप से ले जाई जा रही शराब पकड़ी गई है।
जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि मंगलवार 10 मार्च को ट्रेन संख्या 20496 हडपसर-जोधपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में लूनी से जोधपुर के स्टेशनों के बीच टिकट जांच के दौरान आरक्षित कोच एस-1 में तीन यात्री टॉयलेट के पास संदिग्ध स्थिति में खड़े दिखाई दिए। कोच के टीटीई रिछपाल सिंह ने उनसे पूछताछ की लेकिन वे अपने बारे में और वहां खड़े रहने के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
जोधपुर मंडल में कवच 4.0 के लिए 80 करोड़ मंजूर
संदेह होने पर टीटीई ने कोच के टॉयलेट की जांच की। जांच के दौरान टॉयलेट के अंदर आठ बैग रखे हुए मिले। बैगों की तलाशी लेने पर उनमें बड़ी मात्रा में शराब की बोतलें बरामद हुईं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की गई। ट्रेन के जोधपुर पहुंचने पर शराब से भरे सभी आठ बैग ट्रेन कंडक्टर आर के यादव के मीमो के साथ रेलवे सुरक्षा बल को सौंप दिए गए। पकड़े गए 51 बोतलें और 144 क्वार्टर हैं जिनकी कीमत 88 हजार रुपए आंकी गई है। पकड़ी गई शराब की मात्रा 81 लीटर है। अब आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान एक व्यक्ति को पकड़ा गया है।
संदिग्ध गतिविधियों पर है कड़ी नजर
यादव ने बताया कि जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के निर्देशानुसार मंडल में इस प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों पर टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा भी कड़ी नजर रखी जा रही है,जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर लगातार सतर्क है।
