जोधपुर, केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत शुक्रवार को तड़के जोधपुर पहुंचे और इसके बाद सुबह जैसलमेर रवाना हो गए। वे संसदीय क्षेत्र के पोकरण विधानसभा पहुंचे और यहां पर पंचायतीराज चुनाव में भाग्य आजमा रहे भारतीय जनता पार्टी के जिला परिषद के पद के उम्मीदवारों के पक्ष में आधा दर्जन चुनावी बैठकों को संबोधित कर आमजन से भाजपा के पक्ष में मतदान का आग्रह किया। भाजपा मीडिया विभाग के अचलसिंह मेड़तिया ने बताया कि केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत गुरूवार रात दिल्ली से करीब नौ बजे जयपुर पहुंचे। जयपुर में एक बैठक में भाग लेने के बाद सड़क मार्ग से रात करीब तीन बजे जोधपुर पहुंचे। अपने निवास पर विश्राम के बाद शुक्रवार को सुबह साढ़े सात बजे जैसलमेर रवाना हो गए। मार्ग में भाजपा के पदाधिकारियों और नेताओं व ग्रामीणों ने शेखावत का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद शेखावत पोकरण पहुंचे और बाद में जिलाध्यक्ष चन्द्रप्रकाश सारदा के नेतृत्व में अनेक चुनावी बैठकों में भाग लिया। पंचायतीराज चुनाव के मद्देनजर केन्द्रीय मंत्री ने भाजपा प्रत्याषियों के पक्ष में अनेक चुनावी बैठकों को संबोधित किया। उन्होने सबसे पहले नोख में चुनावी बैठक में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार किया इस दौरान उन्होंने कहा कि यह चनुाव गांव के विकास में अहम भागीदारी निभाएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं, इनका लाभ शहर और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को मिला है, इसलिए हर कार्यकर्ता का दायित्व है कि सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करें ताकि उनका लाभ जरूरतमंद को मिल सके। इसके बाद शेखावत ने मदासर,भारेवाला, मोहनगढ व नाचना छायण रामदेवरा में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी सम्पर्क कर बैठकों को संबोधित किया। इस दौरान भाजपा के जैसलमेर जिला अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश सारदा सहित अनेक पदाधिकारी व भाजपा नेता केन्द्रीय मंत्री के साथ थे। वे 21 नवम्बर शनिवार को भी जैसलमेर प्रवास रहेंगे। शेखावत सुबह चौक व सांकड़ा और फिर भैंसड़ा पहुंचकर चुनावी बैठक में भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों को संबोधित करेंगे।