Doordrishti News Logo

जोधपुर, नगर निगम दक्षिण ने निगम गठित होने के पहले ही वर्ष में रिकॉर्ड राजस्व एकत्रित किया है। नगर निगम दक्षिण में इस वित्तीय वर्ष में 21 करोड़ 78 लाख से अधिक का राजस्व एकत्रित कर लक्ष्य से अधिक राजस्व जुटाया है। नगर निगम आयुक्त दक्षिण डॉ अमित यादव ने रिकॉर्ड राजस्व एकत्रित करने पर नगर निगम के राजस्व टीम, सफाई विंग, तकनीकी विंग व सभी अधिकारियों को बधाई दी है।

राज्य सरकार ने बकाया नगरीय विकास कर, हाउस टैक्स एकमुश्त जमा कराने पर आकर्षक छूट देने की घोषणा की थी। इस छूट का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे इसके लिए नगर निगम दक्षिण की टीम ने सतत प्रयास किए और शहर वासियों ने आगे आकर नगर निगम दक्षिण के इस अभियान में सहयोग किया और अपना बकाया कर जमा कराया।

नगर निगम आयुक्त दक्षिण डॉ अमित यादव ने बताया कि राजस्व एकत्रित करने को लेकर टीम में काफी बेहतर काम किया। अतिरिक्त आयुक्त राकेश कुमार, उपायुक्त विवेक व्यास, उपायुक्त आकांक्षा बैरवा, उपायुक्त रेनू सैनी के निर्देशन में राजस्व अधिकारी सुमन राठौड़, राजस्व निरीक्षक रणवीर देथा, निरंजन चौधरी, नगेन्द्र सिंह की टीम ने काफी बेहतर काम किया।

जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से इस बार निगम ने 217793721 रुपए का रिकॉर्ड राजस्व वसूल किया। नगर निगम आयुक्त डॉ अमित यादव ने बताया कि नगर निगम के राजस्व लक्ष्यों की पूर्ति को लेकर पिछले 3 महीने से लगातार प्रयत्न किया जा रही था। अंतिम महीने में सभी राजस्व अधिकारियों को अधिक सख्ती के साथ राजस्व जुटाने के निर्देश दिए गए।

सभी बकायेदारों को नगर निगम की ओर से नोटिस जारी कर तामील करवाए गए साथ ही नोटिस देने के बावजूद भी राजस्व जमा नहीं कराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई और कई प्रतिष्ठानों को सीज भी किया गया, इसके चलते जहां नगर निगम को मार्च महीने में 11 करोड़ से अधिक का राजस्व मिला तो वहीं मार्च महीने के आखिरी दिन 31 मार्च को एक ही दिन में 4 करोड रुपए का राजस्व मिला।

नगर निगम दक्षिण की ओर से राजस्व एकत्रित करने में शहर जोन अग्रणी रहा। शहर जोन की राजस्व टीम में जहां करीब 13 करोड़ से अधिक का राजस्व जुटाया तो वही सूरसागर राजस्व टीम में करीब 5 करोड़ 33 लाख और सरदारपुरा टीम ने करीब तीन करोड 16 लाख रुपए का राजस्व एकत्रित किया।