ऑटोमैटेड गन हाथ से नीचे गिरी दो युवक घायल
- मंगलदीप कॉम्पलैक्स के फ्लैट में हादसा
- घायल को एम्स में स्ट्रेचर पर छोड़ स्कार्पियो में भागे युवक
- रात तक हुआ घायलों का ऑपरेशन
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),ऑटोमैटेड गन हाथ से नीचे गिरी दो युवक घायल।शहर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड पुलिस थाना क्षेत्र के पाल रोड स्थित मंगलदीप कॉम्पलैक्स के चौथे फ्लोर पर फ्लैट में मंगलवार शाम को हादसा हुआ। कुछ युवक लोडेड हथियार चैक कर रहे थे और वह हाथ से छिटक कर गिर गई। ऑटोमैटेड गन से पांच गोलियां निकल गई और दो युवक घायल हो गए। इसमें एक को एम्स अस्पताल, दूसरे को अन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अब युवकों के खिलाफ आर्म्स एक्ट में केस दर्ज करेगी। इसमें एक युवक छोटूसिंह के हाथ और अनिल बिश्नोई के कंधे पर गोली लगी। बाकी गोलियां दीवार पर जा लगी।
सावित्रीबाई फूले को पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि
यह है घटनाक्रम
दरअसल घटना मंगलवार देर शाम करीब 6.30 बजे मंगलदीप कॉम्पलैक्स फ्लैट नंबर 402 में मौजूद कुछ युवक लोडेड हथियार चैक कर रहे थे। तब उनके हाथ से ऑटोमैटेड गन नीचे गिर गई और फायरिंग हो गई। बाद में साथी दोनों घायलों को अस्पताल लेकर गए। स्कार्पियो में रामडावास के अनिल बिश्नोई को एम्स लेकर गए। जहां उसे इमरजेंसी में स्ट्रेचर पर उसे लेटा दिया। फिर स्कार्पियो लेकर वहां से चले गए। इधर,छोटूसिंह को पहले राज अस्पताल लेकर गए। जहां से उसे पीएफ ऑफिस रोड स्थित त्रिनय अस्पताल भेज दिया। दोनों घायलों का शाम को ही अलग-अलग अस्पतालों में ऑपरेशन हुआ।
पुलिस अधिकारी पहुंचे मौके पर,एफएएसल और एमओबी को बुलाया
इधर घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस उपायुक्त पश्चिम विनीत कुमार बंसल,एडीसीपी रोशन मीणा,एसीपी प्रतापनगर रविंद्र बोथरा और बासनी थानाधिकारी नितिन दवे एम्स पहुंचे। एसीपी (पश्चिम) छवि शर्मा और शास्त्री नगर थानाधिकारी जुल्फिकार अली पीएफ ऑफिस रोड स्थित अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने एम्स अस्पताल छोड़कर निकली स्कार्पियो की तलाश में टीमें लगा दी। हर जगह नाकाबंदी भी करवाई गई। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया।
