ट्रेन में भूला सामान टीटीई की ईमानदारी से यात्री को सुरक्षित लौटाया
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),ट्रेन में भूला सामान टीटीई की ईमानदारी से यात्री को सुरक्षित लौटाया। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में कार्यरत टीटीई ने ट्रेन में यात्री द्वारा भूला गया कीमती सामान सुरक्षित लौटाकर ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत किया है।
जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि यात्री सुरेंद्र बरमेचा 10 फरवरी को ट्रेन संख्या 22481 जोधपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला सुपरफास्ट एक्सप्रेस की फर्स्ट एसी के ए कैबिन में यात्रा कर रहे थे। दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशन पर उतरते समय उनका बैग ट्रेन में ही छूट गया,जिसमें दो सैमसंग मोबाइल फोन,ईयरबड्स एवं तीन चश्मे रखे हुए थे।
जन आकांक्षाओं और विकास को समर्पित बजट-मेहता
यात्री का छूटा हुआ बैग जोधपुर मंडल में कार्यरत टीटीई महेंद्र गहलोत को मिला। उन्होंने सतर्कता एवं ईमानदारी का परिचय देते हुए बैग को सुरक्षित अपने पास रखा। एचएचटी मशीन की सहायता से यात्री का मोबाइल नंबर प्राप्त कर उनसे संपर्क किया गया तथा स्टेशन पर बुलाकर पूरा सामान सुरक्षित रूप से उन्हें लौटा दिया गया।
अपना सामान सुरक्षित मिलने पर यात्री सुरेंद्र बरमेचा ने टीटीई महेंद्र गहलोत की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए भारतीय रेल की ईमानदारी एवं यात्रियों के प्रति सजगता की सराहना की। यह घटना जोधपुर मंडल के रेल कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं यात्रियों के प्रति संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
