2027 प्रथम चरण के लिए जिला एवं चार्ज जनगणना अधिकारियों का प्रशिक्षण सम्पन्न
जनगणना-2027
जोधपुर [दूरदृष्टीन्यूज़] 2027 प्रथम चरण के लिए जिला एवं चार्ज जनगणना अधिकारियों का प्रशिक्षण सम्पन्न। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य की तैयारियों के संबंध में जिला एवं चार्ज स्तर के अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 19 एवं 20 फरवरी को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर,जोधपुर में सम्पन्न हो गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपायुक्त, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं अधिशाषी अधिकारियों को फील्ड कार्य से संबंधित प्रक्रियाओं एवं तकनीकी पहलुओं का विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया, ताकि आगामी मकान सूचीकरण कार्य को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी रूप से संचालित किया जा सके।
प्रशिक्षण के दूसरे दिन जिला जनगणना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर(प्रथम) जवाहर चौधरी ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए निर्देश दिए कि जनगणना कार्य को अत्यंत गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संपादित किया जाए। उन्होंने कहा कि संबंधित राजस्व ग्रामों एवं नगर वार्डों के ब्लॉकों का निर्धारण सावधानी पूर्वक किया जाना आवश्यक है, जिससे मकान सूचीकरण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने फील्ड ट्रेनर, प्रगणक एवं सुपरवाइजर को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
एमजीएच की पार्किंग में मारपीट करने के तीन आरोपी गिरफ्तार
जनगणना कार्य निदेशालय के संयुक्त निदेशक पुनीत मेहरोत्रा ने प्रशिक्षण के दौरान स्व-गणना प्रक्रिया तथा प्रगणकों द्वारा भरी जाने वाली मकान सूचीकरण अनुसूचियों (प्रश्नावली) के प्रत्येक बिंदु की विस्तार पूर्वक जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों से प्रायोगिक अभ्यास (प्रैक्टिकल) भी करवाया, जिससे प्रशिक्षणार्थियों को वास्तविक फील्ड परिस्थितियों की समझ विकसित हो सके।
उप जिला जनगणना अधिकारी एवं संयुक्त निदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, जोधपुर मीनाक्षी चौधरी ने प्रगणकों एवं सुपरवाइजर्स को निर्देशित किया कि प्रविष्टियों का इंद्राज अत्यंत सावधानी एवं शुद्धता के साथ किया जाए, ताकि जनगणना के आंकड़े सटीक, विश्वसनीय एवं त्रुटिरहित प्राप्त हो सकें। दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे तथा जनगणना 2027 के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक संपादित करने हेतु दिशा-निर्देश प्राप्त किए।
