01 मई से प्रारम्भ होगी जनगणना 2027 की स्वगणना प्रक्रिया

  • 15 मई तक नागरिक स्वयं कर सकेंगे मकान सूचीकरण
  • 16 मई से प्रगणकों द्वारा फील्ड कार्य प्रारम्भ
  • जनगणना में करें सहयोग
  • सटीक जानकारी देकर राष्ट्र निर्माण में निभाएं भागीदारी
  • डिजिटल पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना
  • समस्त जानकारी रहेगी पूर्णतः गोपनीय

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),01 मई से प्रारम्भ होगी जनगणना 2027 की स्वगणना प्रक्रिया।जनगणना 2027 राष्ट्र के समग्र विकास एवं भविष्य की योजनाओं का महत्वपूर्ण आधार है। राजस्थान राज्य में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं स्वगणना की प्रक्रिया 01 मई 2026 से 15 मई 2026 तक आम नागरिकों के लिए प्रारम्भ की जाएगी। इसके उपरांत प्रगणकों द्वारा फील्ड सर्वे कार्य 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक किया जाएगा।

वेब पोर्टल के माध्यम से घर बैठे करें स्वगणना
प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर आलोक रंजन ने बताया कि आम नागरिक [https://se-census.gov.in](https://se-census.gov.in) वेब पोर्टल के माध्यम से 01 मई से 15 मई 2026 तक स्व-गणना कर सकेंगे। परिवार का मुखिया अपने नाम एवं मोबाइल नंबर के माध्यम से लॉगिन कर मकान सूचीकरण एवं गणना से संबंधित प्रश्नावली का ऑनलाइन इंद्राज कर सकेगा तथा पोर्टल पर अपने निवास स्थान को मानचित्र पर चिन्हित कर सकेगा।

रंजन ने बताया कि स्वगणना पूर्ण होने पर 11 अंकों की एसई आईडी प्रदर्शित होगी,जिसके आधार पर प्रगणक फील्ड सर्वे के दौरान दर्ज जानकारी का सत्यापन करेंगे। डिजिटल इंडिया पहल के अंतर्गत जनगणना 2027 में डाटा संग्रहण एवं प्रसार की गुणवत्ता,दक्षता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए डिजिटल तकनीक का व्यापक उपयोग किया जाएगा।

विकास योजनाओं का आधार है जनगणना,सहयोग की अपील
प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर आलोक रंजन ने बताया कि जनगणना के आंकड़ों के आधार पर ही विभिन्न विकास योजनाएं,आधारभूत सुविधाएं, शिक्षा,स्वास्थ्य,आवास,रोजगार, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाता है,इसलिए इसमें आमजन से सहयोग अपेक्षित है।

उचित मूल्य दुकानों के आवंटन के लिए प्रस्तावित साक्षात्कार स्थगित

प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर ने आमजन से अपील की है कि वे जनगणना 2027 के प्रथम चरण में पूर्ण सहयोग करें,प्रगणकों को सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं तथा इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को सफल बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

प्रशिक्षण एवं कार्यान्वयन की व्यापक तैयारियां पूर्ण
रंजन ने बताया कि प्रथम चरण के सुचारू क्रियान्वयन के लिए मास्टर ट्रेनर्स को जयपुर में 07 अप्रैल से 10 अप्रैल 2026 तक प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। इसके पश्चात जिले में 20 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक 72 फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

फील्ड ट्रेनर्स द्वारा आगे जोधपुर जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नियुक्त प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को चार्ज स्तर पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। जिले में कुल 20 चार्ज क्षेत्रों में 3669 प्रगणक एवं 614 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। संपूर्ण प्रक्रिया चरणबद्ध रूप से संचालित की जाएगी।

गोपनीयता का पूर्ण संरक्षण सुनिश्चित
आलोक रंजन ने बताया कि जनगणना के दौरान एकत्रित की गई समस्त जानकारी जनगणना अधिनियम,1948 के अंतर्गत पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए ही किया जाएगा।