नश्तर चुभोती हवा ने झकझोरा,पहाड़ों में भारी हिमपात
- नैनीताल में सीजन की पहली बर्फबारी
- हिमपात से कश्मीर शीत लहर की चपेट में
- हिमाचल के कई इलाके बर्फ से ढके
जोधपुर,(डीडी न्यूज)।नश्तर चुभोती हवा ने झकझोरा,पहाड़ों में भारी हिमपात। पश्चिम विक्षोभ की सक्रियता से प्रदेश में एक बार फिर मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है।प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के साथ ओलावृष्टि होने से सर्दी फिर से चमक गई है।
इसे भी पढ़िएगा – शीत लहर देखते हुए स्कूलों का समय बदला
जोधपुर जिले में शनिवार को हुई बारिश के बाद सर्दी का असर तेज हो गया है। शीत बयार से आमजन जीवन को बुरी तरह प्रभावित करना शुरू कर दिया है।रविवार को दोपहर तक कोहरा छाया रहा। सूर्यदेव के हालांकि दर्शन हुए मगर धूप में भी कंपकंपी छूटती रही। शाम होते ही फिर से सर्दी तेज हो गई। आसमां में बादल छाए होने के साथ नश्तर चुभाती हवा चल रही है। लोगबाग जल्दी अपने अपने घरों में दुबक जाते हैं।
मौसम विभाग की मानें तो आगामी 15 से 19 जनवरी के बीच में दो और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे जिससे सर्दी के और तेज होने के साथ तापमान में गिरावट दर्ज होनेे के आसार हैं। जोधपुर में रविवार को तापमान दोपहर तक 17 डिग्री बना रहा सुबह तापमान 9 डिग्री तक बना हुआ था।
जिले सहित पूरे मारवाड़ में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखा गया है। सुबह के समय पेड़ पौधों पर ओस की बूूंदे जमने के साथ कंपकंपी की हालत बनी हुई है। लोग सर्दी से बचाव के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं।

नैनीताल में सीजन की पहली बर्फबारी से सर्दी भी और खुशी भी
उत्तराखंड के नैनीताल में शनिवार देर रात से इस सीजन की पहली बर्फबारी शुरू हुई जो रविवार तड़के जबरदस्त बर्फबारी हो गई। सड़कों पर बर्फ जमा होने से यातायात बाधित हुआ। सड़कों से बर्फ हटाने के लिए जेसीबी लगानी पड़ी। इस हिमपात से सरोवर नगरी में कड़ाके की सर्दी ने दस्तक दे दी है। बर्फबारी की खबर सुनते ही बड़ी संख्या में पर्यटक नैनीताल का रुख कर रहे हैं।
क्षेत्र के बारह पत्थर में भारी बर्फ गिरने के कारण सड़कों को साफ करने के लिए जेसीबी मशीनों का सहारा लिया जा रहा है। बर्फबारी के चलते तापमान में भारी गिरावट आई है,जिससे नैनीताल और आसपास के इलाकों में ठंड बढ़ गई है।
तराई भाबर और मैदानी इलाकों में भी शीतलहर का असर
नैनीताल में बर्फबारी के बाद तराई भाबर व मैदानी इलाकों में भी शीतलहर का असर दिखने लगा है। पिछले दिनों कोहरे से ढके इलाकों में अब पहाड़ों में बर्फबारी का आनंद लिया जा रहा है। किलबरी,पंगोट, मुक्तेश्वर,धनाचूली और रामगढ़ जैसे स्थानों में बर्फबारी और बारिश ने लोगों को रोमांचित कर दिया है।
कश्मीर में भी हिमपात
कश्मीर की घाटियों में इस सीजन में भारी हिमपात हुआ है। श्रीनगर, गुलमर्ग,अनंतनाग सहित प्रत्येक इलाके बर्फ से ढके हुए हैं। कश्मीर के डल झील पर भी बर्फ की परत जमने लगी है। बर्फ का आनंद लेने के लिए पर्यटक पहुंच रहे हैं। यहां के व्यापारी को अच्छे सीजन की उम्मीद है। तापमान शून्य से नीचे जा चुका है जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। श्रीनगर का तापमान शून्य से 2 -3 डिग्री सेल्सियस नीचे चल रहा है। रिकॉर्ड किया गया।
हिमाचल में हिमपात से शीतलहर
हिमाचल प्रदेश में भी कई इलाकों में हिमपात हुआ। शनिवार रात को शिमला के नारकंडा व कुफरी में हिमपात हुआ है। हिमपात से नारकंडा में यातायात बंद हो गया। रविवार को सड़कों से बर्फ को हटाने का काम शुरू किया गया।
फिसलन होने से वाहनों की आवाजाही ऊपरी शिमला में शुरू नहीं हो पाई। राज्य के फागु,कुफरी, किन्नौर,लाहौल- स्पीति के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी हिमपात हुआ है। यहां भी यातायात बाधित रहा। हिमपात से पूरे प्रदेश में तापमान में गिरावट हुई है। मौसम विभाग ने शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है।