निवर्तमान मुख्यमंत्री ने किया शपथ का अनादर-शेखावत

  • फोन टैपिंग को लेकर केंद्रीय मंत्री ने साधा अशोक गहलोत पर निशाना
  • सब कुछ राजस्थान की जनता के सामने पूर्णतः स्पष्ट हो गया

जोधपुर,निवर्तमान मुख्यमंत्री ने किया शपथ का अनादर-शेखावत। फोन टैपिंग को लेकर एक बार फिर जोधपुर सांसद और केंद्रीय संस्कृति व पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधा है। शेखावत ने कहा कि गहलोत जिस शपथ को लेकर मुख्यमंत्री की कुर्सी पर आसीन हुए थे,उस शपथ का उन्होंने अनादर किया।

यह भी पढ़ें – ट्रक चालक की लापरवाही ने ली बाइक सवार की जान

केंद्रीय मंत्री शेखावत रविवार को अल्प समय के लिए जोधपुर प्रवास पर आए थे और मीडिया से रूबरू हुए। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उनके ओएसडी रहे लोकेश शर्मा के मीडिया में आए ऑडियो टैप से जुड़े सवाल पर शेखावत ने कहा कि जो बातें मैं चीख-चीखकर मीडिया के माध्यम से सरकार को सुनना चाहता था, न्यायालय को सुनना चाहता था। वो सभी बातें अब इस ऑडियो के साथ स्वतः स्पष्ट हो गई हैं। किस तरह से पूर्ववर्ती सरकार अपनी हिलती हुई कुर्सी को बचाने के लिए अपने मंत्रियों,अपने लोगों और दूसरी पार्टी के नेताओं के फोन टैप करा रही थी।

शेखावत ने कहा कि फोन टैपिंग अपराध है। उसके साथ-साथ जिस शपथ को लेकर मुख्यमंत्री की कुर्सी पर निवर्तमान मुख्यमंत्री आसीन हुए थे,उस शपथ का अनादर करते हुए उन्होंने जो कुछ भी उनके संज्ञान में गोपनीय तरीके से लाया गया था, मुख्यमंत्री और गृहमंत्री होने के नाते उसको खुद एक ऑडियो टैप के माध्यम से,एक पेन ड्राइव देकर लीक करने का काम किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुझे लगता है कि अब सब कुछ स्पष्ट हो गया है। चूंकि यह वाद न्यायालय में लंबित है। इसलिए अब फैसला न्यायालय को करना है, लेकिन सब कुछ राजस्थान की जनता के सामने पूर्णतः स्पष्ट हो गया है।

संवैधानिक संस्थाओं का चीरहरण
कांग्रेस पार्टी से जुड़े एक सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने झूठ बोलने का काम किया है,कांग्रेस पार्टी जिसने 1975 में आपातकाल लगा कर संविधान की हत्या और उसे कुचलने,संवैधानिक संस्थाओं को दबाने और कुचलने का काम किया। संवैधानिक संस्थाओं का चीरहरण किया। जिन लोगों के हाथ संविधान की हत्या के खून से रंगे हुए हैं, वो कांग्रेस पार्टी और उसके नेता अब संविधान को हाथ में लेकर संविधान बचाओ का नारा देते हैं? संविधान बचाओ की बातें करते हैं?

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों में आरक्षण समाप्त होने और वर्तमान सरकार द्वारा वर्ग विशेष के विरोध में काम करने का झूटा नैरेटिव फैलाया। कांग्रेस देश को विकसित करने के लक्ष्य को लेकर काम करने वाली सरकार की बेवजह आलोचना करने का काम करती है। लोगों के बीच झूठ परोसने और सौ-सौ बार झूठ बोलकर उसको सच्चा साबित करने की कोशिश करती है।

यह भी पढ़ें – शहर में वाहन चोरों ने आठ बाइक और मोपेड चुराई

स्काईडाइविंग से पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
नारनौल (हरियाणा) में शुरू हुई प्राइवेट स्काई डाइविंग पर शेखावत ने कहा कि हजारों भारतवासी हर साल दुबई,थाईलैंड, न्यूजीलैंड,साउथ अफ्रीका जैसे देशों में सिर्फ रोमांचकारी एक्सपीरियंस का अनुभव करने के लिए जाते हैं। अनुमान है कि 200 करोड़ रुपए से ज्यादा इसके लिए खर्च करते हैं। भारत में लंबे समय से इस फैसिलिटीज लिए प्रयास हो रहे थे। अब हरियाणा सरकार के साथ मिलकर स्काई हाई टीम ने यह सुविधा भारत में शुरू की है। शनिवार का दिन विशेष रूप से स्काई डाइविंग की दुनियां में बहुत बड़ा दिन था,इस दिन पहली बार वर्ल्ड स्काईडाइविंग डे पूरी दुनिया मनाया जा रहा था।

दुनिया में 300 से ज्यादा जगह इस तरह की एक्टिविटी हुईं। यह दिन भारत के लिए विशेष रहा,जब पहली बार प्राइवेट सेक्टर में ऑर्गेनाइज्ड रूप से इसकी शुरुआत हुई। पर्यटन मंत्री होने के नाते मेरे लिए निश्चित रूप से महत्वपूर्ण दिन था। इसलिए मैंने निर्णय किया कि मुझे भी इसमें सम्मिलित होना चाहिए। आने वाले समय में भारत में इस तरह के केंद्र और बनेंगे। भारत के पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में बहुत बड़ा उछाल आएगा।

केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत रविवार को अल्प प्रवास पर जोधपुर पहुंचे थे।भाजपा पदाधिकारी,जन प्रतिनिधि व लोगों ने उनका स्वागत किया। चातुर्मास पर चल रहे प्रवचन में सन्त ललितप्रभ सागर,चंद्रप्रभ सागर व डॉ मुनि शांति प्रिय से मिले व आशीर्वाद प्राप्त किया।