किडनैपिंग का मुख्य सरगना महिला रेंजर के घर में मिला

यूएसडी डॉलर लेन देन विवाद

जोधपुर,किडनैपिंग का मुख्य सरगना महिला रेंजर के घर में मिला। शहर में तीन दिन पहले विवेक विहार क्षेत्र सेक्टर 14 से युवक के अपहरण के आरोपी को पुलिस ने महिला रेंजर के घर से उठाया है। जोधपुर पुलिस का वांटेड सुमेरपुर (पाली) में महिला रेंजर के घर में छुपा मिला। सुमेरपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। जोधपुर पुलिस को सूचना दे दी। अब वन विभाग ने रेंजर सहित दो महिला कर्मचारियों को तलब किया है। दोषी पाए जाने पर दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शहर के विवेक विहार थाना पुलिस से मैसेज मिला था। बताया कि वांटेड अपराधी सांचौर (जालोर) निवासी सुरेश विश्नोई पुत्र मालाराम सुमेरपुर में छुपा है।

महिला रेंजर के घर में मिला वांटेड 
इस पर सुमेरपुर पुलिस ने वांटेड की तलाश के लिए अभियान चलाया। आरोपी सुरेश को सुमेरपुर क्षेत्र के वन विभाग में लगी रेंजर सीमा विश्नोई के घर से पकड़ा गया। सुरेश को सुमेरपुर थाने लाया गया। इसके बाद जोधपुर पुलिस को जानकारी दी गई। जोधपुर पुलिस आकर उसे ले जाएगी।

इसे भी पढ़ें-पत्थर की पट्टियों की साइज को लेकर विवाद,व्यवसायी की हत्या

जोधपुर पुलिस अब यह भी जानकारी जुटाएगी कि वांटेड सुरेश विश्नोई का रेंजर सीमा विश्नोई से क्या कनेक्शन है। पुलिस सीमा से भी पूछताछ करेगी। इस मामले में सहायक फॉरेस्ट भगवती विश्नोई की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। दोनों महिला कर्मचारियों को डीएफओ ने तलब किया है।

डीएफओ बोले-दोषी पाई गईं तो कार्रवाई करेंगे 
वन विभाग पाली के डीएफओ बालमुर्गन ने इस मामले पर कहा-सुमेरपुर रेंजर सीमा विश्नोई और सहायक फॉरेस्ट भगवती विश्नोई को पाली तलब किया है। जवाब मांगा गया है। वे दोषी पाई गईं तो विभाग के नियमों के अनुसार कार्रवाई करेंगे।

यह है मामला 
शहर के विवेक विहार थाना इलाके के गुढ़ा विश्नोइयान में रहने वाले पोकरराम ने शुक्रवार 19 जुलाई को थाने में रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि उसके बेटे भवानी सिंह को किडनैप कर लिया गया है। किडनैपर्स कॉल कर 11 लाख की फिरौती मांग रहे हैं। पोकरराम ने बताया-बेटा भवानी 18 जुलाई गुरुवार की रात सेक्टर-14 (जोधपुर) गया था। वहां से सुरेश विश्नोई सहित अन्य लोगों ने उसे किडनैप कर लिया और फिरौती मांगी। दूसरे दिन 19 जुलाई को दोबारा कॉल किया और कहा- 5 लाख रुपए लेकर मंडोर (जोधपुर) आ जाओ।

पूरी खबर यहां क्लिक करके पढ़िए-छात्रसंघ चुनाव की मांग कर रहे छात्रों पर भांजी लाठियां,घसीटते हुए डाला पुलिस गाड़ी में

विवेक विहार थाने में किडनैपिंग का केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने बदमाशों की कॉल डिटेल और लोकेशन निकाली और 19 जुलाई की रात मंडोर एरिया के श्रीराम नगर चैनपुरा क्षेत्र में दबिश देकर 8 बदमाशों को पकड़ लिया। पोकरराम के बेटे को मुक्त करा लिया। कुल 5 वाहन जब्त किए। वारदात में शामिल 3 आरोपी फरार हो गए थे। इनमें सुरेश विश्नोई भी शामिल था।

किप्टो को लेकर विवाद 
भवानी और सुरेश के बीच पैसों के लेन-देन का विवाद था। इनके बीच एक ऐप के माध्यम से क्रिप्टो करेंसी खरीदने-बेचने का विवाद सामने आया था। पुलिस ने 20 जुलाई को 8 बदमाशों को कोर्ट में पेश किया था। अब सुरेश विश्नोई सुमेरपुर से पकड़ा गया है। लेकिन इस दौरान वन विभाग की दो महिला कर्मचारियों की भूमिका भी शक के घेरे में आ गई है।