बंगाली समाज ने निभाई सिंदूर खेला की रस्म
महिलाओं ने एक दूसरे को सिंदूर लगाकर खुशियां मनाई
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),बंगाली समाज ने निभाई सिंदूर खेला की रस्म। शारदीय नवरात्रा के उपलक्ष्य में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बंगाली समाज की ओर से आयोजित छह दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव के तहत समाज की महिलाओं ने सिंदूर खेला की रस्म निभाई।
सरदारपुरा प्रथम डी रोड पर नेहरू पार्क के पीछे स्थित दुर्गाबाड़ी परिसर में आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव में आज सुबह दशमी पूजन आरंभ हुआ। इसके बाद दर्पण विसर्जन एवं सिंदूर खेला की रस्म का आयोजन हुआ। आयोजकों ने बताया कि बंगाली समाज की ओर से माता की पूजा में सिंदूर खेला की रस्म निभाई गई।
जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में कांग्रेस नेताओं का धरना
यहां समाज की महिलाओं ने एक दूसरे को सिंदूर लगाकर खुशियां मनाई। सिंदूर खेला की रस्म के समय विवाहित महिलाओं ने अपने पति के लंबी उम्र की कामना की। कुंवारी लड़कियां भी मनपसंद वर के लिए इस रस्म में शामिल हुईं। महिलाओं ने बंगाल का पारंपरिक नृत्य धुनुची भी किया। बच्चों से लेकर बड़े भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
मान्यता है कि नवरात्र में मां दुर्गा अपने मायके आती है इसलिए जगह-जगह पर उनके पंडाल सजाते हैं। यहां दशमी पर सिंदूर की होली खेल कर मां दुर्गा का पूजन किया जाता है।
