जोधपुर, निकटवर्ती देचू के गिलाकोर गांव में सप्ताह भर पहले मां बेटी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ससुराल पक्ष गुपचुप तरीके से दाहसंस्कार कर शवों को दफना दिया। मृतका के भाई ने संदेह जताया और पुलिस में रिपोर्ट दी। पुलिस आज दफनाए स्थल पर पहुंची और शवों को बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम करवाया गया। अब इसमें अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है। संदेह है कि उनकी मौत पानी के टांके डूबने से हुई थी। पुलिस ने बताया कि फलोदी के बरजासर गांव निवासी सुभाषचन्द्र विश्नोई ने देचू थाने में मामला दर्ज कराया था कि उसकी बहन संगीता की शादी छह वर्ष पूर्व गिलाकोर निवासी दिनेश के साथ हुई थी।

संगीता को विवाह के पश्चात लगातार दहेज को लेकर प्रताडि़त किया जाता रहा। अपना वैवाहिक जीवन बचाए रखने के लिए वह ससुराल पक्ष के जुल्म सहती रही। 21 सितम्बर को संगीता ने किसी के मोबाइल से फोन कर बताया कि ससुराल में उसके साथ मारपीट की जा रही है। इसके अगले दिन संगीता के ससुराल से सूचना मिली कि तुम्हारी बहन ने अपनी पांच माह की बच्ची आर्या के साथ टांके में कूद जान दे दी है। बहन की मौत से लगे सदमे के कारण रिपोर्ट दर्ज करवाने में विलम्ब हुआ। बताया जा रहा है कि संगीता का शव टांके से बाहर निकलवा कर ससुराल पक्ष ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस को इस हादसे की सूचना तक नहीं दी गई। मृतका के भाई की तरफ से हत्या की आशंका जतायी। पुलिस अब इसमें आगे की जांच कर रही है।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन अभी डाउनलोड करें – http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews