दो बार एवरेस्ट फतह करने वाली संतोष यादव ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
- पद्मश्री यादव ने सुनाए पर्वतारोहण के रोचक अनुभव
- रेलकर्मचारियों ने लिया प्रेरणा से आगे बढ़ने का संकल्प
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),दो बार एवरेस्ट फतह करने वाली संतोष यादव ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश। दो बार माउंट एवरेस्ट पर सफल चढ़ाई करने वाली विश्व की पहली महिला,पद्मश्री सम्मानित संतोष यादव ने बुधवार को यहां मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए पर्यावरण एवं जल संरक्षण का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि जीवन में कठिन परिस्थितियां अवश्य आती हैं,लेकिन धैर्य,साहस और दृढ़ संकल्प से हर चुनौती का सामना किया जा सकता है। पर्वतारोहण के अनुभवों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कर्मचारियों को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि संतोष यादव का जीवन संघर्ष,साहस और उपलब्धियों का अद्भुत उदाहरण है, जिससे प्रत्येक व्यक्ति को प्रेरणा लेनी चाहिए।
यादव ने बताया कि वर्ष 1990 में एक अंतरराष्ट्रीय अभियान में वे एकमात्र महिला सदस्य थीं,जहां उन्होंने 25,170 फीट ऊंची चोटी पर सफल चढ़ाई की। इसके बाद वर्ष 1992 एवं 1993 में दो बार माउंट एवरेस्ट फतह कर विश्व इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि राजस्थान जैसे प्रदेश में जल की कमी एक गंभीर समस्या है,इसलिए जल संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। आमजन को पानी के सदुपयोग के प्रति जागरूक रहना चाहिए।
आईआईटी ने विकसित किए भविष्य के बायो-ब्रिक्स और एग्रो-प्लास्टिक ब्लॉक्स
संतोष यादव ने केमिकल मुक्त भूमि,सादा जीवन और प्रकृति के अनुरूप जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने आधुनिक सुख-सुविधाओं पर अत्यधिक निर्भरता से बचने की सलाह दी। उन्होंने सभी से प्लास्टिक मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की और पर्यावरण संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए और प्राकृतिक तरीके से जीवन जीने का प्रयास करना चाहिए।मंडल के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने यादव के गौरवशाली पर्वतारोहण अभियान के रोचक अनुभव और राह में आने वाली चुनौतियों को ध्यान पूर्वक सुना।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम,वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी,वरिष्ठ मंडल प्रबंधक विक्रम सिंह सैनी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
