संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, परियोजनाएं समय पर पूरी करें: जीएम

उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में संरक्षा व कार्य समीक्षा बैठक में मंथन

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, परियोजनाएं समय पर पूरी करें: जीएम। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने बुधवार को कहा कि सुरक्षित रेल संचालन के लिए संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी निर्माण तथा यात्री सुविधा से जुड़ी परियोजनाओं को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने मंडलों को बेहतर समन्वय और सामंजस्य के साथ कार्य करते हुए रेलवे सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में आयोजित संरक्षा एवं कार्य समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। महाप्रबंधक की अध्यक्षता में आहूत बैठक में मुख्यालय के सभी विभागाध्यक्ष, चारों मंडलों जोधपुर,जयपुर अजमेर और बीकानेर के मंडल रेल प्रबंधक वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से तथा अन्य अधिकारी शामिल हुए।

सजगतापूर्ण ड्यूटी पर गेटमैन को महाप्रबंधक पुरस्कार

बैठक में रेल संरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षित रेलसंचालन सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण किए जाएं तथा अधीनस्थ कर्मचारियों की समय-समय पर काउंसलिंग कर संरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि सतर्कता और सजगता के साथ कार्य करना सुरक्षित रेल संचालन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है।

निर्माण कार्यों का अपडेट लिया
बैठक के दौरान कार्य निष्पादन, निर्माण कार्यों की प्रगति,पूंजीगत आय,रेलवे ट्रैक की फेसिंग,समपार फाटकों को बंद करने की प्रक्रिया, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा रेलवे की आय बढ़ाने के उपायों पर भी गहन चर्चा की गई। महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

सतर्कतापूर्वक ड्यूटी करने वाले कार्मिक हुए पुरस्कृत
बैठक के अंत में महाप्रबंधक अमिताभ ने रेल संरक्षा के क्षेत्र में सजगता और उत्कृष्ट कार्य करने वाले चार रेलकर्मियों को प्रशंसनीय सेवाओं के लिए पुरस्कृत भी किया। उन्होंने अधिकारियों से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने और बेहतर कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया।