स्पर्श पोर्टल से पेंशन लेने वाले के विवरण अपडेट कराने का आग्रह
जिला सैनिक कल्याण कार्यालय की महत्वपूर्ण सूचना
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),स्पर्श पोर्टल से पेंशन लेने वाले के विवरण अपडेट कराने का आग्रह। जिला सैनिक कल्याण कार्यालय,जोधपुर ने रक्षा लेखा अधिकारी तथा रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक(पेंशन),इलाहाबाद के निर्देशानुसार,रक्षा पेंशन प्राप्त कर रहे सभी पेंशनरों से स्पर्श (SPARSH) पोर्टल पर शीघ्र विवरण अपडेट कराने का आग्रह किया है।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल दलीपसिंह खंगारोत ने बताया कि जिन रक्षा पेंशनरों का डेटा स्पर्श पोर्टल पर अपडेट नहीं है,वे अपनी आईडी से आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर डेटा अपडेट कर लें, ताकि किसी भी स्थिति में पेंशन प्राप्ति में बाधा न आए।
उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया में पेंशनर अपना नाम,रैंक,सैन्य सेवा विवरण,बैंक विवरण,पत्नी का नाम, पैन कार्ड,आधार कार्ड आदि की जानकारी का मिलान कर सुधार करवा सकते हैं,जिससे भविष्य में पेंशन संबंधी किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
उन्होंने बताया कि पेंशनर किसी भी ई-मित्र केंद्र पर जाकर या जिला सैनिक कल्याण कार्यालय द्वारा प्रतिमाह आयोजित किए जाने वाले शिविरों में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर डेटा अपडेट करवा सकते हैं। इसके अतिरिक्त,पेंशनर किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय में उपस्थित होकर भी स्पर्श पोर्टल पर डेटा अपडेट की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।
