ट्रेनों में तेज आवाज में मोबाइल चलाने पर रेलवे सख्त एडवाइजरी जारी

  • सहयात्रियों की शांति का रखें ध्यान
  • ईयरफोन इस्तेमाल करने और रात में रिंगटोन धीमी रखने की अपील

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),ट्रेनों में तेज आवाज में मोबाइल चलाने पर रेलवे सख्त एडवाइजरी जारी।ट्रेन में सफर के दौरान मोबाइल पर तेज आवाज में गाने सुनना,वीडियो देखना या ऊंची आवाज में बात करना दूसरे यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है।

सहयात्रियों की सुविधा और शांतिपूर्ण यात्रा के लिए रेलवे ने यात्रियों से मोबाइल का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने की अपील की है। रेलवे ने गाने और वीडियो सुनने के लिए ईयरफोन इस्तेमाल करने तथा रात में मोबाइल की आवाज धीमी रखने की हिदायत दी है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि ट्रेन में सफर के दौरान यात्री मोबाइल पर गाने,रील,फिल्म या सीरियल देखते समय ईयरफोन अवश्य लगाएं। फोन पर बातचीत भी धीमी आवाज में करें, ताकि आसपास बैठे यात्रियों को परेशानी न हो।विशेष कर रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक मोबाइल की रिंगटोन धीमी रखें या फोन को वाइब्रेशन मोड पर रखें।

70 कैमरों और फास्टैग से खुला लाखों के रेल तार की चोरी का राज नौ गिरफ्तार

उन्होंने बताया कि वंदे भारत सहित अन्य ट्रेनों में तेज आवाज में मोबाइल चलाने से सहयात्रियों की नींद और आराम प्रभावित होता है। लंबी दूरी की यात्रा में यात्रियों को आराम करने और सोने की जरूरत होती है। ऐसे में सभी यात्रियों को अपनी सुविधा के साथ दूसरों की सहूलियत का भी ध्यान रखना चाहिए।

उपद्रव की श्रेणी में, जुर्माने का प्रावधान
रेल अधिनियम की धारा 145(2) के तहत यात्रियों की सुविधा प्रभावित करने वाले उपद्रव पर एक हजार जुर्माने का प्रावधान है। रेलवे कर्मचारी की हिदायत के बावजूद उपद्रव जारी रखने पर छह माह तक साधारण कारावास या पांच हजार रुपए तक जुर्माना अथवा दोनों हो सकते हैं। कार्रवाई घटना की परिस्थितियों और संबंधित कानूनी प्रावधानों के आधार पर की जा सकती है।

पुराने निर्देशों में भी दी गई थी हिदायत
रेलवे बोर्ड ने 23 जुलाई 2012 को जारी निर्देशों में भी यात्रियों को मोबाइल पर ऊंची आवाज में बात करने,तेज रिंगटोन बजाने और स्पीकर पर गाने या वीडियो चलाने से बचने की सलाह दी थी। खास कर एसी कोच में इस तरह की आवाज से दूसरे यात्रियों की नींद और आराम में बाधा आती है। रेलवे ने यात्रियों से नियमों का ध्यान रखने और सभी के लिए सफर को शांतिपूर्ण बनाने में सहयोग करने की अपील की है।