रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव के पिता दाऊ लाल वैष्णव का निधन
- एम्स जोधपुर में ली अंतिम सांस
- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव पहुंचे जोधपुर
- कुछ दिनों से थे गंभीर रूप से बीमार
- एम्स के आईसीयू में थे भर्ती
- अंतिम दर्शन C-17,महावीर कॉलोनी,रातानाडा में दोपहर 3:00 बजे से
- अंतिम यात्रा शाम 4:30 बजे कागा स्वर्गाश्रम जाएगी
जोधपुर(डीडीन्यूज),देश के रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के पिता दाउ लाल वैष्णव का मंगलवार को निधन हो गया। 81वर्षीय दाऊ लाल वैष्णव अखिलभारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान जोधपुर एम्स में भर्ती थे। मंगलवार सुबह 11.52 बजे उन्होंने एम्स के आईसीयू वार्ड में अंतिम सांस ली। उनके निधन से शोक की लहर छा गई। एम्स जोधपुर के अधिकारियों ने एक प्रेस नोट जारी कर उनके निधन की जानकारी देकर पुष्टि की है।
इसे भी पढ़ें – जोधपुर: दुकान के बाहर मिला रक्तरंजित शव सीसीटीवी फुटेज से पता लगाने का प्रयास
दाऊ लाल वैष्णव पिछले कुछ दिनों से गंभीर रूप से बीमार थे, उनका इलाज जोधपुर एम्स में चल रहा था। एम्स के डाक्टरों की टीम के हरसंभव प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। जोधपुर एम्स परिवार ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की है और शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
रेल मंत्री के पिता दाऊलाल की बीमारी के चलते केंद्रीय रेल एवं सूचना प्रसारण मंत्री अश्विनी कुमार वैष्णव आज सुबह ही जोधपुर पहुंच गए थे। वे पाली जिले के गांव के जीवंद कला निवासी थे। अब जोधपुर में बस गए थे। जोधपुर में इनकम टैक्स में जोधपुर पूर्व शहर विधायक कैलाश भंसाली के साथ प्रैक्टिस किया करते थे।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार दाउ लाल वैष्णव के अंतिम दर्शन निवास स्थान C-17,महावीर कॉलोनी,रातानाडा में दोपहर 3:00 बजे से तथा उनकी अंतिम यात्रा शाम 4:30 बजे कागा स्वर्गाश्रम श्मशान घाट,नागौरी गेट जोधपुर जाएगी। जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
शेखावत ने किया शोक व्यक्त
रेल एवं सूचना प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव के पिता दाऊलाल वैष्णव के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। श्रद्धेय दाऊलालजी एक सरल और कर्मनिष्ठ व्यक्ति थे। मुझे हमेशा ही उनसे पितृवत स्नेह मिला है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। मेरे भाई अश्विनी वैष्णव और उनके परिवार को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति मिले। ॐ शांति!
–गजेन्द्र सिंह शेखावत
केन्द्रीय संस्कृति पर्यटन मंत्री
