राख से खेती की रखवाली और किसान की खुशहाली

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),राख से खेती की रखवाली और किसान की खुशहाली। होली जब जलती है तो उसमें लकड़ी और कंडे की राख बहुत मात्रा में बनती है इसका लगभग कहीं भी कोई प्रयोग नहीं होता है और धूल के साथ उड़ जाती है या कचरे में फेंक दी जाती है लेकिन यह खाद अन्य किसी के लिए उपयोगी हो न हो लेकिन खेती के लिए बहुत उपयोगी होती है।

राष्ट्रीय विज्ञान दिवस:आईआईटी में वैज्ञानिक नेतृत्व और राष्ट्र-निर्माण पर व्याख्यान

इस राख में नाइट्रोजन को छोड़कर लगभग सभी पोषक तत्व जो पौधों को चाहिए होते हैं। यह अवश्य है कि वह पूरी मात्रा में उपलब्ध रूप में न हों। इस खाद का जैविक खेती में प्रयोग बहुत अच्छी तरह किया जा सकता है और इसका प्रयोग मुख्यतः दो तरह से किया जा सकता है पहले भूमि में पोषण के लिए और दूसरा कीट रोग से रक्षा के लिए।

भूमि में पोषण के लिए
इसका उपयोग का सबसे अच्छा तरीका यह है कि जब हम कंपोस्ट खाद बनाएं खाद बनने के बाद उसमें 5 प्रतिशत तक इस गोबर/लकड़ी की राख मिला देने से इसका भूमि में अच्छी तरह से उपयोग होता है और जो अनुपलब्ध अवस्था में पोषक तत्व होते हैं वह धीरे-धीरे पौधों को उपलब्ध हो जाते हैं। मुख्यतः पोटेशियम,कैल्शियम, मैग्नीशियम आदि तत्व अच्छी मात्रा में होते हैं अन्य तत्व भी सूक्ष्म मात्रा में होते हैं। सबसे बढ़िया है इस खाद में मिलाकर खेती में प्रयोग जरूर किया जाना चाहिए।

कीट नियंत्रक के लिए
जितने भी हमारी फसलों के छोटे मच्छर जैसे कीट होते हैं जैसे एफिड,जैसिड,थ्री,सफेद मक्खी आदि और कई तरह की लट को तथा कुछ फफूंद के रोग को भी इससे अच्छी तरह नियंत्रण किया जा सकता है। इसके लिए राख में 5 प्रतिशत चूना पाउडर और 5 प्रतिशत सल्फर पाउडर मिलाकर फसल पर छिड़काव या डस्टिंग करनी चाहिए,इससे बहुत अच्छे परिणाम मिलते हैं। कई फसलों में जिसमें एफिड का किसी भी दवा से ठीक नियंत्रण नहीं होता उनमें यह प्रयोग बहुत अच्छा रहता है। फफूंद के रोग में भी यह बचाव का काम करता है।

इसलिए इस होली की राख को खेती में लिए उपयोग के लिए बोरी या कट्टो में भरकर रख लें और समय अनुसार उपयोग अवश्य करें। होलिका दहन की यह राख भी आपको खेत की रखवाली में और आपकी खुशहाली में बहुत काम आएगी। राख का ph क्षारीय होता है अतः ph 8 से ज्यादा की भूमि में इसका प्रयोग सिर्फ फसल पर छिड़काव में करें।

-अरुण के शर्मा
जैविक कृषि वैज्ञानिक


विज्ञापन के लिए 9414135588 पर संपर्क कीजिए