जोधपुर, कोरोना की रोकथाम के लिए प्रदेश में जारी गाइड लाइन की पालना कराने में जुटी पुलिस कई बार लोगों के साथ सख्ती से पेश आती है तो कई बार डंडे भी मारती है, लेकिन संकट से घिरे लोगों की मदद में पीछे भी नहीं रहती है। ऐसा ही एक वाक्या शहर के उम्मेद अस्पताल के बाहर गुरुवार को देखने को मिला।
उम्मेद अस्पताल में दो दिन पूर्व एक बच्चे को जन्म देने वाली महिला को आज छुट्टी दे दी गई। महिला दो दिन के बच्चे को गोद में लिए अपनी मां के साथ ऑटो की तलाश में काफी भटकी लेकिन कोई साधन नहीं मिला। इसके बाद सिवांची गेट पर पुलिस ने महिला से भटकने का कारण पूछा तो उसने अपनी पीड़ा बयां की। थानाधिकारी ने हाथों हाथ अपनी जीप से जच्चा-बच्चा को उम्मेद चौक स्थित उसके घर पहुंचाया।
ये भी पढ़े :- आठ और प्रतिष्ठान सीज, 73 चालान काटे
थाना प्रभारी दिनेश लखावत ने बताया कि लॉकडाउन लागू है। ऐसे में जच्चा-बच्चा को घर जाने के लिए कोई साधन नहीं मिल रहा था। हमने देखा तो थाने की जीप से उसे घर पहुंचा दिया। महिला व उसके परिजनों ने पुलिस की इस सहायता के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए पुलिस पूरी तरह से तैयार है लेकिन बेवजह सड़क़ों पर घूमने वालों को किसी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी।