टैक्सी में छूटा गहनों और नकदी से भरा बैग पुलिस ने खोजकर लौटाया
- सीसीटीवी फुटेज से टैक्सी और चालक की पहचान
- 6500 रुपए नकद,सोने का मंगलसूत्र व अन्य सामान सही सलामत परिवादिया को सौंपा
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),टैक्सी में छूटा गहनों और नकदी से भरा बैग पुलिस ने खोजकर लौटाया। सूरसागर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए टैक्सी में भूलवश छूटे बैग को खोजकर उसके मालिक को वापस लौटाया। बैग में नकदी के साथ सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान रखा हुआ था।
पुलिस के अनुसार 3 सितंबर को मंदसौर मध्यप्रदेश निवासी 30 वर्षीय सपना पत्नी सुनील सिंह अपने परिचित के यहां भूरटिया सूरसागर आई थीं। इसके बाद उन्होंने कालूराम की बावड़ी, सूरसागर से मसूरिया स्थित बाबा रामदेव मंदिर जाने के लिए सवारी टैक्सी किराये पर ली। मंदिर के पास दर्शन के लिए उतरते समय उनका बैग टैक्सी में ही छूट गया। बैग में एक पर्स,6500 रुपए नकद, सोने का मंगलसूत्र,सोने की मांजरी (गले का आभूषण) और अन्य सामान था।
जोधपुर नगर निगम चुनाव में 385 अभ्यर्थी मैदान में 188 ने लिया नामांकन वापस
मामले की जानकारी मिलने पर थानाधिकारी हरीशचन्द्र सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर तथा निजी कैमरों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर टैक्सी की पहचान के रूप में की गई। वीओसी एप के माध्यम से टैक्सी मालिक की जानकारी जुटाकर चालक सोनू पुत्र मोहम्मद युसुफ निवासी सूरसागर से संपर्क किया गया।
पुलिस ने टैक्सी चालक से बैग बरामद कर उसमें रखा सामान सही- सलामत प्राप्त किया और परिवादिया सपना को सुपुर्द कर दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सीसीटीवी तकनीक के प्रभावी उपयोग से महिला का खोया हुआ कीमती सामान वापस मिल सका।
कार्रवाई में शामिल टीम:- थानाधिकारी हरीशचन्द्र सोलंकी,सहायक उपनिरीक्षक रामुराम भाटी,कांस्टेबल श्रवणसिंह शामिल थे।
