दिल्ली से एक आरोपी को पकड़ लाई पुलिस अब तक तीन गिरफ्तार
- सोलर प्लांट लगाने के नाम पर 20 लाख प्रकरण
- जुलाई माह में दर्ज हुआ था मामला
जोधपुर(डीडीन्यूज),दिल्ली से एक आरोपी को पकड़ लाई पुलिस अब तक तीन गिरफ्तार। शहर के नागौरी गेट स्थित मेघवालों की बस्ती में रहने वाले एक युवक को सोलर प्लांट लगाने के नाम पर 20 लाख रुपयों की ठगी कर ली गई। आरोपियों से युवक तीन माह से संपर्क में था।
15 लाख रुपए ऑन लाइन खातों में डाले फिर पांच लाख रुपए कैश लेकर गए थे। मगर न तो सोलर प्लांट लगा न ही दी गई रकम मिल पाई। शातिरों ने खुद को दिल्ली और जयपुर का होना बताया था। पीडि़त ने जुलाई महिने में केस दर्ज कराया था।
नागौरी गेट थानाधिकारी शैफाली सांखला ने बताया कि मेघवालों की बस्ती राममोहल्ला निवासी पृथ्वीराज पुत्र राम नारायण की तरफ से रिपोर्ट दी गई। इसमें बताया कि उसके पास में तकरीबन तीन महिने पहले किन्हीं शख्स का कॉल आया और खुद को ओमप्रकाश,पवन शर्मा और करण आदि होना बताया। इन लोगों ने सोलर प्लांट लगाने के लिए बात की थी। जिस पर बड़े मुनाफे के बारे में भी बताया था।
झांसे में पृथ्वीराज ने उनके बताए अनुसार ऑनलाइन खातों में 15 लाख रुपए जमा करवा दिए। बाद में आरोपी उसके मूल पते पर मिलने भी आए और पांच लाख रुपए नगद लेकर गए। पांच लाख रुपए 19 जुलाई के आसपास लेना बताया गया। मगर उसके बाद शातिरों ने अपने फोन भी बंद कर दिया।
थानाधिकारी शैफाली सांखला ने बताया कि प्रकरण में दो आरोपियों को पहले गिरफ्तार कर जेल भिजवाया गया। अब तीसरे आरोपी मूलत: उत्तरप्रदेश के बदायु हाल नेबू सराय साउथ दिल्ली निवासी करण पुत्र बन्ने वाल्मिकी को गिरफ्तार कर लाया गया है।आरोपी करण परिवादी से पांच लाख रूपए लेकर गया था।