Doordrishti News Logo

अम्बेडकर जयंती आयोजन हेतु नोडल व सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त

12 से 14 अप्रैल तक विविध शैक्षणिक,सामाजिक एवं जागरूकता कार्यक्रम होंगे

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),अम्बेडकर जयंती आयोजन हेतु नोडल व सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त।जिला कलक्टर आलोक रंजन ने आदेश जारी कर डॉ.भीमराव अम्बेडकर जयंती 2026 के उपलक्ष्य में 14 अप्रैल तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की श्रृंखला के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी,जिला परिषद् जोधपुर को जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हुई समीक्षा बैठक

शैक्षणिक संस्थानों में जीवन परिचय एवं संविधान जागरूकता कार्यक्रम आदेश के तहत 12 अप्रैल को जिला एवं ब्लॉक स्तर पर समस्त महाविद्यालयों,विद्यालयों एवं छात्रावासों में डॉ.भीमराव अम्बेडकर के जीवन परिचय एवं संविधान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर “संविधान को जाने” विषय पर ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का शुभारंभ किया जाएगा,जो 12 से 14 अप्रैल तक सतत संचालित होगी। इसके लिए उपायुक्त, जनजातीय क्षेत्रीय विकास विभाग जोधपुर,सहायक निदेशक,कॉलेज शिक्षा विभाग जोधपुर तथा मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी जोधपुर को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

स्वच्छता एवं सामाजिक समरसता विषयक गतिविधियां
13 अप्रैल को स्वच्छ एवं सामाजिक समरसता थीम के अंतर्गत डॉ.भीमराव अम्बेडकर के सामाजिक न्याय,दर्शन एवं जीवन पर आधारित संगोष्ठियां,व्याख्यान तथा छात्रावासों एवं आवासीय विद्यालयों में उनके जीवन पर आधारित चलचित्रों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यालयों में अंबेडकर एवं संविधान विषय पर निबंध,भाषण एवं पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इस हेतु संयुक्त निदेशक,सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग जोधपुर तथा मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी जोधपुर को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

जयंती समारोह पर संविधान वाचन एवं पुरस्कार वितरण
14 अप्रैल को जिला एवं ब्लॉक स्तर पर डॉ.भीमराव अम्बेडकर जयंती समारोह आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों में संविधान की प्रस्तावना का वाचन,संविधान शपथ तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरण किया जाएगा। इसके लिए जिला स्तर पर संयुक्त निदेशक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग जोधपुर तथा ब्लॉक स्तर पर संबंधित विकास अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।