एनसीईआरटी रेड: 1845 पाठ्य पुस्तकें नकली दो दुकानदार गिरफ्तार,जेल भेजा
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),एनसीईआरटी रेड: 1845 पाठ्य पुस्तकें नकली दो दुकानदार गिरफ्तार,जेल भेजा। देश भर में एनसीईआरटी की तरफ से गुरुवार को कई जगहों पर रेड देकर नकली पाठ्य पुस्तकें पकड़ी गई। जोधपुर में भी कंपनी से जुड़े दो अधिकारियों ने सरदारपुरा पुलिस के सहयोग से जालोरी गेट सर्किल पर किताब महल और गर्ग एण्ड कंपनी पर रेड दी। यहां पर रात भर चली कार्रवाई में 1845 पाठ्य पुस्तकें जो कक्षा प्रथम से लेकर 12 वीं तक थी,उन्हें जब्त किया गया। पाठ्य पुस्तकें नकली होने पर दो दुकानदारों के खिलाफ कॉपी राइट का केस सरदारपुरा थाने में दर्ज किया गया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर आज कोर्ट में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाया दिया गया।
थानाधिकारी जयकिशन सोनी ने बताया कि एनसीईआरटी दिल्ली से सैल्स और प्रोडक्शन के दो अधिकारी गुरुवार को यहां जोधपुर आए थे। एनसीईआरटी की नकली पाठ्य पुस्तकें जालोरी गेट सर्किल पर किताब महल और गर्ग एण्ड कंपनी पर मिलने की जानकारी थी। जिस पर गुरुवार की रात को पुलिस के सहयोग से रेड दी गई थी।
थानाधिकारी सोनी ने बताया कि किताब महल पर 1145 पाठ्य पुस्तकें विभिन्न कक्षाओं की नकली मिलीं,जबकि गर्ग एण्ड कंपनी पर 700 पाठ्य पुस्तकें मिली थी। इस पर दुकानदार किताब महल के अंशुमन अवस्थी और गर्ग एण्ड कंपनी के मनीष गर्ग के खिलाफ कॉपी राइट में कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। दोनों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश हुए।
