एसआई भर्ती में बड़ी मछलियों का नाम आना बाकी-शेखावत
जोधपुर(डीडीन्यूज),एसआई भर्ती में बड़ी मछलियों का नाम आना बाकी- शेखावत। एसआई भर्ती परीक्षा रद्द होने पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि जांच पूरी होने दीजिए,अभी बड़ी मछलियों के नाम आने बाकी हैं।
इसे भी देखें – राष्ट्रीय खेल दिवस पर पॉलिटेक्निक कॉलेज में प्रतियोगिता शुरू
वे शुक्रवार को एयरपोर्ट पर मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि न्यायालय ने इस भर्ती परीक्षा को रद्द किया,लेकिन अंतिम फैसला आना अभी बाकी है। जांच अभी एसओजी कर रही है। न्यायालय के निर्णय का सम्मान करते हुए हमें जांच पूरी होने का इंतजार करना चाहिए। भारतीय जनता पार्टी का संकल्प था कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले हर एक व्यक्ति को उसके किए की सजा मिले।
न्यायालय ने एसआई भर्ती परीक्षा को रद्द करते हुए टिप्पणी में कहा है कि आरपीएससी के मेंबर भी सम्मिलित हैं। इस पर शेखावत ने कहा कि वो यह मानते हैं कि ये छोटी मछलियां हैं,बड़ी मछलियों के नाम आने बाकी हैं। जांच पूरी होने दीजिए।अनेक सफेदपोश लोग आज बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं,उनमें से कई लोग जेल सालाखों के पीछे देखने को मिलेंगे।
न्यायालय के निर्णय पर क्रेडिट लेने से जुड़े सवाल पर उन्होंने ने कहा कि सरकार के जांच के प्रतिवेदन के आधार पर न्यायालय में जो फैसला किया है,उसका सम्मान करना चाहिए। अब जिनको हर चीज में राजनीतिक लाभ लेने की भूख रहती है,उनसे कोई दूसरी अपेक्षा नहीं की जा सकती।
बिहार में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए की गई टिप्पणी पर कहा कि वो संविधान की किताब जेब में रखते हुए संविधान का मखौल उड़ा रहे हैं। कांग्रेस को निश्चित तौर पर आत्मावलोकन करने की जरूरत है। राहुल गांधी अब तक 100 से ज्यादा चुनाव अलग-अलग जगहों पर हार चुके हैं। इसलिए उनके मन में खीज है। मैं उनके प्रति सहानुभूति रखता हूं। उनको आत्मावलोकन की सलाह देता हूं।
अमेरिकी टैरिफ पर कहा कि भारत पूरी ताकत से जुटा है। हम भारत के किसान,मछुआरे और लघु उद्योग के हित के विरुद्ध नहीं जा सकते। आने वाला समय भारत का होगा। हम अपनी क्वालिटी इंप्रूव करेंगे और लागत कम करेंगे। दुनिया की चुनौतियां और बाधाओं को पार कर हम आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि अटल जी ने जब परमाणु बम का परीक्षण किया,तब भी कई तरह के प्रतिबंध लगाए थे लेकिन भारत आगे बढ़ा था और आज भी आगे बढ़ेगा।
शहीद बीएसएफ जवान रमेश पोपावत को दी श्रद्धांजलि
शेखावत ने एयरपोर्ट पर पश्चिम बंगाल में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए बीएसएफ जवान रमेश पोपावत को श्रद्धांजलि दी। परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया। शहीद जवान का अंतिम संस्कार पैतृक गांव बोयल गांव में सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा।
विज्ञापन के लिए 9414135588 पर संपर्क कीजिए