सम्मेलन में 40 से अधिक महिला रेलकर्मियों का सम्मान
रेलवे क्लब में आयोजित कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और क्विज प्रतियोगिता का आकर्षण
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),सम्मेलन में 40 से अधिक महिला रेलकर्मियों का सम्मान। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में महिला कल्याण संगठन के तत्वावधान में सोमवार को रेलवे क्लब में महिला सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में महिला कल्याण संगठन की ओर से मंडल में उत्कृष्ट रेल सेवाएं देने वाली 40 से अधिक महिला कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर पश्चिम रेलवे स्काउट एंड गाइड की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनका उपस्थित महिला कर्मचारियों ने उत्साह पूर्वक आनंद लिया। सम्मेलन में महिला कर्मचारियों के लिए क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता में विजेताओं को मौके पर ही पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रतियोगिता का संचालन अंकिता ने किया।
महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष निष्ठा त्रिपाठी ने चयनित महिला कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में रेलवे लगातार सकारात्मक कदम उठा रहा है। उन्होंने कहा कि महिला कर्मचारियों को कार्यस्थल पर सुरक्षित,सम्मानजनक और सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
रेलवे बोर्ड स्तर पर सम्मानित हुईं जोधपुर की दीक्षा ओझा
इस अवसर पर रेलवे अस्पताल की मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ.मंजू कंवर शेखावत तथा काउंसलर कामिनी लड्ढा ने महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, तनावमुक्त जीवन शैली अपनाने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में जानकारी दी। प्रारंभ में दीप प्रज्ज्वलन किया गया। अंत में संगठन सचिव प्रियंका चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। मंच संचालन डॉ निर्मला विश्नोई ने किया।
सम्मेलन में उपस्थित पदाधिकारी
इस अवसर पर संगठन अध्यक्ष निष्ठा त्रिपाठी,नीलम,चित्रा,स्वाति,अंतुश्री, सुरभि,अंकिता,राधा,डॉ उषा बासना, मनु,ट्वींकल एवं कंचन उपस्थित थीं।
