जन्माष्टमी पर उम्मेद अस्पताल में होंगे कई कार्यक्रम

जोधपुर,उम्मेद अस्पताल परिवार श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को मातृशक्ति सम्मान के रूप में मनाएगा। इस आयोजन के लिए अस्पताल में अधीक्षक के कक्ष में एक बैठक की गई।

उम्मेद अस्पताल अधीक्षक डॉ अफजल हकीम ने बताया कि बैठक में विचार विमर्श किया गया कि जन्माष्टमी जन्म का पर्व है,नारी के मातृत्व प्राप्ति का पर्व है,ईश्वर ने नारी को ही मातृत्व की शक्ति प्रदान की है। अतः ये जन्म के हर्ष के साथ-साथ नारी शक्ति के सम्मान का भी पर्व है। इसलिये इसी थीम पर इस महीने की दिनांक 26 अगस्त को उम्मेद अस्पताल परिवार श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को मातृशक्ति सम्मान के रूप में मनाएगा। महाभारत काल में द्रोपदी के चीरहरण रोकने भगवान श्रीकृष्ण ने स्वयं अवतरित होकर नारीशक्ति के सम्मान का संदेश मानव जाति को दिया। आज इस युग में भी नारी का सम्मान खतरे में दिखाई दे रहा है। मातृशक्ति की सुरक्षा हेतु कृष्ण को अवतरित होना होगा।

यह भी पढ़ें – गंभीर घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने पर राज्य सरकार देगी 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि

इसी थीम पर उम्मेद अस्पताल की महिला कार्मिकों द्वारा इस महिने 26 अगस्त को जन्माष्टमी का आयोजन किया जायेगा। जिसमें विभिन्न कार्यक्रम होंगे। श्रीकृष्ण के जन्म तक की विभिन्न झांकीयॉं बनाई जायेगी। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जोधपुर वासियों को नारी सम्मान का सामाजिक संदेश भी दिया जायेगा। उम्मेद अस्पताल में कार्यरत स्टाफ के बच्चो हेतु फैन्सी ड्रेस का कार्यक्रम अस्पताल के आडिटोरियम में रखा जायेगा। श्रीकृष्ण लीला पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी चिकित्सालय के आडिटोरियम में किया जायेगा। जन्माष्टमी की रात्रि को अस्पताल के कृष्ण मन्दिर में श्रृंगार किया जायेगा एवं आरती का कार्यक्रम होगा।

इस बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जन्माष्टमी की रात्रि को 12 बजे से प्रातः 8 बजे तक अस्पताल में जन्मे नवजात को अस्पताल की ओर से उपहार एवं ड्रेस वितरण भी किया जायेगा।

इस अवसर पर अस्पताल अधीक्षक डॉ अफजल हकीम,डॉ रिजवाना शाहीन आचार्य एवं विभागाध्यक्ष स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग,डॉ.मंजुबोहरा, चिकित्सा अधिकारी प्रभारी ब्लड बैंक,डॉ कल्पना मेहता,आचार्य स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग,डॉ नीलम मीणा,आचार्य निश्चेतना विभाग,डॉ शशि व्यास,चिकित्सा अधिकारी, डॉ कंचन राठौड़,चिअ प्रभारी सेन्ट्रल लैब,डॉ अंजु चौधरी,चिअ ब्लड बैंक, डॉ सुनिता कौशल,चिकित्सा अधिकार,रूकमणी रावल,नर्सिग अधीक्षक,गजेन्द्र शेखावत,नर्सिग आफिसर उपस्थित थे।