जोधपुर में अवैध बसों पर कानून का शिकंजा
यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जोधपुर में अवैध बसों पर कानून का शिकंजा। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण,जयपुर के निर्देशों के पालन में, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जोधपुर महानगर के अध्यक्ष दिनेश त्यागी,जिला एवं सेशन न्यायाधीश,जोधपुर महानगर तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जोधपुर जिला के अध्यक्ष पूरण कुमार शर्मा,जिला एवं सेशन न्यायाधीश जोधपुर जिला के निर्देशानुसार जोधपुर महानगर और जोधपुर जिला प्राधिकरण के नेतृत्व में न्यायिक, पुलिस, परिवहन और अन्य अधिकारियों की संयुक्त टीम ने अवैध और मॉडिफाइड लग्जरी, एसी,स्लीपर बसों के ख़िलाफ़ विशेष कार्यवाही करते हुए मंगलवार को बसों की जांच करने पर, यथानुसार उन्हें जब्त कीं, परमिट पर कार्रवाई की, जुर्माने लगाए और कुछ संचालकों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू की।
आर्मी डेंटल यूनिट के लेफ्टिनेंट कर्नल के बंद सरकारी आवास में 30 लाख की चोरी
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जोधपुर महानगर के सचिव राकेश रामावत,अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश ने कहा कि यह अभियान जीवन की सुरक्षा के लिए है और किसी भी अवैध मॉडिफाइड बस को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रामावत ने बताया कि प्राधिकरण के निर्देशों का पालन सभी विभागों की जिम्मेदारी है और ऐसे अभियान आगे भी चलते रहेंगे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जोधपुर जिला के सचिव डॉ.मनीष हरजाई,अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश ने यात्रियों के लिए सलाह दी गई कि सुरक्षित यात्रा आपकी भी जिम्मेदारी है। हर यात्री को चाहिए कि बस में बैठते ही इमरजेंसी एग्ज़िट,रूफ एस्केप हैच, अग्निशामक और फर्स्ट एड किट की उपलब्धता पर नजर डालें। अगर किसी बस में आपातकालीन निकास बंद हों,सीटों या सामान से रास्ता रोका गया हो, सुरक्षा उपकरण न हों या अवैध मॉडिफिकेशन दिखे,तो ऐसी बस में सफर न करें और तुरंत विभाग को सूचित करें।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बस संचालकों से भी अपील की है कि वे यात्रियों के विश्वास को बनाए रखें, अवैध मॉडिफिकेशन से बचें और केवल मानकों के अनुरूप बसों का संचालन करें। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखें और केवल मानकों के अनुरूप संचालन करें। कानून का पालन करने वालों का स्वागत है, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।
उक्त कार्यवाही में पुलिस विभाग से जेठूदान उप निरीक्षक,परिवहन विभाग से परिवहन निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, मोहम्मद फिरोज व उनकी टीम उपस्थित थी।
