केलकर राष्ट्रवादी चिंतन के महान शिल्पी-देवनानी
- उनके जीवन से संगठन निर्माण की प्रेरणा मिलती है
- दायित्व बदल सकते हैं,कार्यकर्ता कभी पूर्व नहीं होता
- जीवनपर्यंत राष्ट्रहित में सक्रिय रहने का आह्वान
- केलकर द्वारा बोया गया राष्ट्रवाद का बीज आज भी पल्लवित और पुष्पित
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),केलकर राष्ट्रवादी चिंतन के महान शिल्पी- देवनानी।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) जोधपुर प्रांत द्वारा संगठन शिल्पी यशवंत राव केलकर की जन्मतिथि वर्ष के उपलक्ष्य में “प्रिय केलकर जी” विशेष अभिवाचन प्रस्तुति कार्यक्रम एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन रविवार को बासनी स्थित काजरी के सभागार में किया गया। कार्यक्रम में जोधपुर प्रांत के 21 जिलों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी परिषद के वर्तमान एवं पूर्व कार्यकर्ता सहभागी बने।
परिषद की वर्तमान शक्ति पूर्व पीढ़ियों के त्याग और तपस्या का परिणाम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि उन्हें विद्यार्थी परिषद के अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और संगठन शिल्पी यशवंत राव केलकर के साथ कार्य करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि केलकर केवल एक प्राध्यापक नहीं थे,बल्कि वे राष्ट्रवादी चिंतक,विचारक और संगठन को गढ़ने वाले महान शिल्पी थे।
उन्होंने परिषद के प्रारंभिक दौर को स्मरण करते हुए कहा कि एक समय ऐसा भी था जब राजस्थान में परिषद के पास सीमित संसाधन थे और सदस्य संख्या भी बहुत कम थी,लेकिन कार्यकर्ताओं के समर्पण, त्याग और तपस्या के बल पर संगठन ने आज देशभर में सशक्त पहचान बनाई है।
जीवनपर्यंत कार्यकर्ता बने रहने की भावना परिषद की शक्ति
देवनानी ने कहा कि परिषद में कोई भी व्यक्ति पूर्व कार्यकर्ता नहीं होता। पद और दायित्व समय के साथ बदल सकते हैं,लेकिन कार्यकर्ता की भावना जीवनभर बनी रहती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में रहते हुए भी राष्ट्रवादी विचारों के साथ समाज और राष्ट्र के लिए नियमित समय देकर योगदान देते रहें।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित
विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने में छात्र शक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण
कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि संगठन शिल्पी यशवंत राव केलकर द्वारा बोया गया राष्ट्रवाद का बीज आज भी पल्लवित और पुष्पित हो रहा है। उन्होंने कहा कि केलकर के विचार,दर्शन,आदर्श और सीख कालजयी हैं और आने वाली पीढ़ियों को भी निरंतर प्रेरणा देते रहेंगे।
विद्यार्थी परिषद राष्ट्र निर्माण में भागीदारी की पाठशाला
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की एक महत्वपूर्ण पाठशाला के रूप में कार्य कर रही है। देश ने आजादी के बाद से अब तक लंबी यात्रा तय की है और संघर्ष व समर्पण से प्राप्त इस स्वतंत्रता को विकसित भारत की संकल्पना तक पहुंचाने का सपना आज देश के करोड़ों लोगों के साथ प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है।
परिषद की नई पीढ़ी पर राष्ट्र निर्माण की बड़ी जिम्मेदारी
शेखावत ने कहा कि परिषद की पूर्व पीढ़ियों के संघर्ष और समर्पण से संगठन की मजबूत नींव तैयार हुई है। अब इस राष्ट्र रूपी भवन को सुसज्जित और सुव्यवस्थित करने की जिम्मेदारी आज की पीढ़ी के कार्यकर्ताओं पर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूर्व पीढ़ियों के त्याग और योगदान को स्मरण करते हुए केलकर के विचारों और आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में संगठन शिल्पी यशवंत राव केलकर के जीवन,विचारों और संगठन निर्माण की कार्यपद्धति पर आधारित विशेष अभिवाचन प्रस्तुति भी दी गई।इस अवसर पर एबीवीपी के उत्तर-पश्चिम क्षेत्रीय संगठन मंत्री अश्वनी शर्मा,कोचिंग संस्थान के निदेशक सागर जोशी सहित जोधपुर प्रांत के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
