जोधपुर में मानसून की पहली झमाझम बारिश
- कई स्थानों पर जलभराव
- तेज बारिश से सडक़ों पर बहे पानी के बाळे
- गर्मी से मिली राहत
- मौसम हुआ सुहाना
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जोधपुर में मानसून की पहली झमाझम बारिश। भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे जोधपुर में शुक्रवार से शुरू हुआ बारिश का दौर अब तेज हो गया है। शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बादल जमकर बरस रहे हैं,जिससे मौसम पूरी तरह सुहाना हो गया है। आज सुबह हुई तेज बारिश से आमजन को बड़ी राहत मिली है। आसमान से बरसती बूंदों और तेज हवाओं ने लोगों को गर्मी और उमस से राहत पहुंचाई। बारिश के दौरान शहरवासियों ने मौसम का आनंद लेते हुए सडक़ों पर भी भीगने का लुत्फ उठाया। इस बारिश के बाद कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी बन गई।
उम्र कैद की सजा काट रहा पैरोल पर गया बंदी फरार
शहर और आसपास के गांवों में आज सुबह से ही बादल छाए रहे और कई इलाकों में मध्यम से तेज बारिश दर्ज की गई। करीब दस बजे शुरू हुआ बारिश का दौर 11 बजे के बाद और तेज हो गया,जिससे शहर की सडक़ों पर पानी बहने लगा। पाल रोड, मण्डोर रोड,पाली रोड सहित बनाड़ और नांदड़ी क्षेत्र में तेज बारिश से जलभराव की स्थिति हो गई। भीतरी शहर में भी बारिश के कारण सडक़ों पर पानी के बाळे बहने लगे।
खतरनाक पुलिया पर भरा पानी,बस फंसी
शहर के भैरूजी चौराहा के पास स्थित खतरनाक पुलिया पर पानी भर गया। इस पानी के बीच में सवारियों से भरी एक बस फंस गई। बस में करीब 10 से 15 यात्री सवार थे। सभी करीब आधे घंटे तक बीच पानी में फंसे रहे। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से बस को धक्का देकर बाहर निकाला। बाद में गाडिय़ों को वहां जाने से रोकने के लिए बैरिकेड लगाए गए ताकि लोग वहां नहीं जा सके।
प्रतापनगर में सडक़ों पर पानी जमा हो गया और कारों के टायर तक डूब गए। शहर के आस-पास सटे ग्रामीण इलाकों लूणी और डांगियावास में भी तेज बारिश के चलते स्कूल, स्टेशन और हाईवे पर पानी भर गया। वहीं पिछले दिनों लगातार बदल रहे मौसम और बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
अगले दो दिन आंधी- बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार जोधपुर शहर में अगले दो दिन आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। आठ जुलाई तक आंधी के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। नौ जुलाई के बाद मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि इस दौरान हल्की बारिश भी हो सकती है और आसमान भी छाए रहेंगे।
