सख्त टिकट चेकिंग से जोधपुर मंडल का नया राजस्व रिकॉर्ड
- लक्ष्य से 46 लाख ज्यादा वसूली
- 11.94 करोड़ रुपए का राजस्व
- 1.58 लाख बिना टिकट यात्री पकड़े
- साढ़े सत्ताईस हजार यात्री गंदगी फैलाते पकड़े गए
- बीड़ी सिगरेट पीते पकड़े गए एक हजार यात्रियों ने भरा जुर्माना
- सभी रेल खंडों में ट्रेनों में चला औचक जांच अभियान
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),सख्त टिकट चेकिंग से जोधपुर मंडल का नया राजस्व रिकॉर्ड। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में सघन टिकट चेकिंग अभियान के दम पर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मंडल ने 11.48 करोड़ रुपए के लक्ष्य के मुकाबले 46 लाख रुपये अधिक वसूली कर कुल 11.94 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया,जो लगभग 4 प्रतिशत अधिक है। यह जोधपुर मंडल द्वारा अब तक की सर्वाधिक राजस्व वसूली का रिकॉर्ड है।
चलती ट्रेन में चैन स्नैचिंग करने वाला जीआरपी के हत्थे चढ़ा,जेल भेजा
मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के सकारात्मक परिणाम मिले हैं।उन्होंने बताया कि सालभर चले अभियान के दौरान 1.58 लाख बिना टिकट यात्रियों से 7.62 करोड़ रुपये वसूले गए। अनियमित यात्रा के 86 हजार मामलों में जुर्माना सहित 4.32 करोड़ रुपये की वसूली की गई। डीआरएम ने इस उपलब्धि पर टिकट चेकिंग स्टाफ की कार्यकुशलता की सराहना की है।
गंदगी फैलाने पर 29.75 लाख का जुर्माना
ट्रेनों और स्टेशनों पर गंदगी फैलाने के 27,500 मामलों में 29.75 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा निर्धारित सीमा से अधिक सामान के साथ यात्रा करने के 174 मामलों में 70 हजार रुपये वसूले गए।
धूम्रपान के एक हजार मामलों से 1.96 लाख की हुई वसूली
जांच अभियान के दौरान जोधपुर मंडल पर बीते वित्त वर्ष के दौरान करीब 1 हजार यात्री ट्रेनों में नियम की अवहेलना करते हुए पकड़े गए जिनसे रेलवे ने 1.96 लाख रुपए का जुर्माना वसूल कर सख्त संदेश दिया है।
औचक जांच से बढ़ी सख्ती
टिकट चेकिंग के लिए विशेष दस्तों का गठन कर उन्हें अलग-अलग रेलखंडों में नियमित रूप से औचक जांच के लिए भेजा गया। इन टीमों ने दिन-रात अभियान चलाते हुए नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की। इसी सतत मेहनत और प्रभावी रणनीति का नतीजा है कि मंडल ने राजस्व के नए कीर्तिमान स्थापित किए।
इन रेलखंडों पर कसा शिकंजा
अभियान के तहत जोधपुर- मेड़ता-डेगाना-फुलेरा, डेगाना- रतनगढ़, मेड़ता रोड-बीकानेर, राइकाबाग-फलोदी-पोकरण-जैसलमेर, जोधपुर-लूनी-मारवाड़ जंक्शन, लूनी-समदड़ी-बालोतरा-बाड़मेर-मुनाबाव तथा समदड़ी-जालोर- भीलड़ी रेलखंडों पर विशेष जांच की गई। साथ ही वंदे भारत और मंडोर सुपरफास्ट जैसी ट्रेनों में भी गहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
रेलवे प्रशासन की यात्रियों से अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से उचित टिकट लेकर ही यात्रा करने और नियमों का पालन करने की अपील की है। स्पष्ट किया है कि नए वित्तीय वर्ष में भी बिना टिकट और अनियमित यात्रा के खिलाफ अभियान और अधिक सख्ती से जारी रहेगा।
