जोधपुर: गौ संरक्षण और संवर्धन कार्यशाला संपन्न

फर्स्ट इंडिया न्यूज़ का आयोजन
-उल्लेखनीय सेवाओं के लिए समाजसेवियों का किया सम्मान

जोधपुर(डीडीन्यूज),जोधपुर: गौ संरक्षण और संवर्धन कार्यशाला संपन्न। मारवाड़ की नई पीढ़ी को गायों की सेवा भावना से जोड़ने, गायों और गौशालाओं की तस्वीर बदलने के उद्देश्य से फर्स्ट इंडिया न्यूज़ की ओर से गौ संरक्षण और गौ संवर्धन विषय पर जोधपुर के चौपासनी स्थित एक होटल में राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि,कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत,बीएसएफ आईजी एमएल गर्ग,विधायक अतुल भंसाली एवं देवेंद्र जोशी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे।

इसे भी पढ़िएगा – जोधपुर: बजरी डंपर मूक पशुओं की ले रहे जान दो गोवंश को कुचला

अतिथियों के गौ पूजन के साथ कार्यक्रम आगाज हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि जोधपुर की धरती राजस्थान की सांस्कृतिक राजधानी है और गौपालन,संरक्षण एवं संवर्धन मारवाड़ की संस्कृति का अहम हिस्सा रहा है। गाय को विश्व की माता के रूप माना जाता है, लेकिन दुर्भाग्य से धीरे-धीरे गाय हमारी संस्कृति से दूर हो रही है। विदेशी आक्रांताओं ने हमारी संस्कृति को मिटाने का प्रयास किया लेकिन हम सौभाग्यशाली हैं कि हमें उस धरती पर जन्म लेने का अवसर मिला, जिस धरती के योद्धाओं ने ऐसे सभी आक्रांताओं को वापस जाने के लिए मजबूर कर दिया या उन्हें इस मिट्टी में समाहित कर दिया।

उन्होंने कहा भारत पर 2000 साल तक आक्रमण हुए,अंग्रेजों ने 150-200 साल राज किया लेकिन इस कालखंड में जितना नुकसान नहीं हुआ उससे ज्यादा नुकसान आजादी के बाद के 50 साल में हुआ है। उन 50-60 सालों में जिस तरह से देश की सनातन संस्कृति के मान बिंदुओं को मिटाने,कमजोर करने या कमतर करने का प्रयास किया गया, उन प्रयासों के चलते इस तरह के विषयों पर चर्चा करने की और चिंता करने की आवश्यकता पड़ रही है।

कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि मेरे आग्रह पर फर्स्ट इंडिया न्यूज़ ने पुनः यह कार्यक्रम किया, इसलिए मैं फर्स्ट इंडिया न्यूज़ के सीएमडी पवन अरोड़ा सहित पूरे परिवार आभार जताता हूं। आज जिस तरह से गोवंश की दुर्दशा हो रही है,इस पर चर्चा करने की आवश्यकता है। इस तरह की चर्चा से जनता से जो सुझाव प्राप्त होते हैं और उनसे जो निष्कर्ष निकलता है, उस पर राज्य सरकार अमल कर सकती है और गायों के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में बेहतर काम हो सकता है।

उन्होंने कहा नई गौशालाओं के निर्माण के लिए सरकार ने एक योजना बनाई है। पंचायत स्तर पर गौशाला खोलने पर यदि 10 लाख रुपए संस्था देती है तो 90 लाख रुपए हमारी सरकार दे रही है। एसी गौशालाएं जहां गायों की संख्या अधिक है उन्हें आत्म निर्भर बनाने के लिए गौ कास्ट मशीन देने का काम राज्य सरकार ने किया है। पहले गौशालाओं के बड़े पशु के लिए ₹40 और छोटे पशु के लिए ₹20 का अनुदान दिया जाता था। हमारी सरकार ने लगातार 2 बजट में इस अनुदान राशि को बढ़ाया और अब बड़े पशु के लिए ₹50 और छोटे पशु के लिए ₹25 अनुदान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने गोपालक कार्ड योजना शुरू की है और कोऑपरेटिव के माध्यम से या कार्ड बन रहा है। इस गौपालक कार्ड से कोऑपरेटिव सोसाइटी से बिना ब्याज का ₹100000 का ऋण दिया जाता है। गौ नस्ल सुधार के लिए हमारी सरकार काम कर रही है। ब्राजील की गिर गाय 40 से 50 लीटर दूध देती है,इसलिए हमने वहां की गिर गाय का सीमन मंगवा कर यहां की गौशाला या पशुपालकों को वह सीमन दिया जा रहा है। पहले चरण में 180 डोज दिए जा चुके हैं। इन गायों से जो बछिया पैदा होगी वह आने वाले समय में 40 से 50 लीटर दूध देगी। जो किसान बैलों से खेती करेगा उसे ₹30000 का अनुदान राज्य सरकार की ओर से दिया जाएगा।

उन्होंने कहा सरकार ने 536 चल पशु एंबुलेंस शुरू किए हैं,यदि 1962 पर पशुपालक कॉल करता है तो उसके घर जाकर डॉक्टर की टीम पशुपालक एवं गौशाला में जाकर उसका उपचार करेगी। राज्य सरकार गौ संरक्षण का प्रयास कर रही, लेकिन हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती है कि आम जन में गौ पालन को लेकर रुचि नहीं दिख रहा है। हम सभी को गाय के महत्व को समझना होगा और गौ संरक्षण के लिए आगे आना होना,तभी हम गौ संरक्षण एवं संवर्धन कर सकेंगे।

फर्स्ट इंडिया न्यूज़ के सीईओ और प्रबंध संपादक पवन अरोड़ा ने बताया कि हमारी सनातन संस्कृति में गाय को माता के रूप में पूजा जाता है। गाय अपने पूरे जीवन काल में मानव के लिए काफी उपयोगी होती है। गाय का हर अपशिष्ट पदार्थ भी उपयोगी होता है। गाय के गोबर से जैविक खेती की जा सकती है, गोमूत्र को औषधि के रूप में उपयोग लिया जाता है। गाय गौपालक के जीविकोपार्जन के साथ ही आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का भी माध्यम है।

उन्होंने बताया आज डेयरी के क्षेत्र में लगातार रोजगार की संभावना बढ़ रही है, इसलिए गौ माता के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में काम करने की आवश्यकता है लेकिन इसके लिए कई चुनौतियां भी है। उन्होंने कहा कि आज गोचर भूमि पर अतिक्रमण बढ़ रहे हैं और अतिक्रमण को रोकना सरकार की सबसे बड़ी चुनौती है।

आज भी गौ तस्करी की खबरें आती है जिसका सबसे प्रमुख कारण गाय को लेकर अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग कानून होना है। उत्तर भारत में गाय को लेकर जो कानून और सम्मान है वह दक्षिण भारत में नहीं है,इसलिए देश भर में समान कानून यदि बनाया जाए तो गौ तस्करी पर लगाम लगाई जा सकती है।

कार्यशाला में महामंडलेश्वर सोमेश्वर गिरी,सैनाचार्य अचलानंद गिरि,बड़ा रामद्वारा के महंत डॉ रामप्रसाद, साध्वी प्रीति प्रियवंदा और इस्कॉन जोधपुर अध्यक्ष सुंदरलाल दास ने गौ संवर्धन और गौ संरक्षण पर व्याख्यान प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर गौ सेवा व समाज सेवा को समर्पित जोधपुर की विभिन्न विभूतियों को सम्मानित किया गया,जिनमें विष्णु मनोहर पुँगलिया,डॉ पप्पूराम डारा,होडल सिंह,विजय राज मुकेश मेहता, नरेश दर्शन जाजड़ा,डॉ आनंद गोयल,भैराराम सियोल,चुन्नीलाल टाक,छैलाराम सारण,सुरेश बिश्नोई,चन्द्रेश जालानी,सुखराम जगदीश बिश्नोई,डॉ अरुण सिंघवी,पंडित मोहित शास्त्री,विमला गट्टानी,हर्षवर्धन सिंह उचियारड़ा,वीरेंद्र गहलोत,डॉ स्वाति शर्मा, मोनिका प्रजापत,लघु उद्योग भारती,जोधपुर विकास प्राधिकरण,
नगर निगम उत्तर एवं दक्षिण जोधपुर और सरस डेयरी जोधपुर के सेवाभावी अधिकारियों को सम्मानित किया गया।

शुरुआत में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत फर्स्ट इंडिया न्यूज़ के सीईओ पवन अरोड़ा ने गौ पूजन कर कार्यक्रम का विधिवत आगाज किया। शास्त्री मोहित भाई दाधीच, पण्डित मांगीलाल दाधीच,पंडित उमेश त्रिपाठी,पंडित राजेश दाधीच,पंडित प्रदीप शर्मा,पंडित राहुलशर्मा,पंडित राज शर्मा ने मंत्रोच्चार के साथ गौ पूजन करवाया। प्रारंभ में फर्स्ट इंडिया न्यूज़ चैनल के सीईओ पवन अरोड़ा,सीनियर एडिटर जिनेंद्र सिंह शेखावत,वाइस प्रेसिडेंट विशाल माथुर,मार्केटिंग अधिकारी कमल पुरोहित,रेजिडेंट एडिटर राजीव गौड़,सीनियर रिपोर्टर शिवप्रकाश पुरोहित,रिर्पोटर सुभाष त्रिवेदी और कैमरा जर्नलिस्ट भवानी सिंह गहलोत ने अतिथियों का स्वागत अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन एंकर श्वेता मिश्रा अवस्थी ने किया।

कार्यशाला में जिला प्रशासन,पुलिस प्रशासन,गोपालन विभाग और कृषि विभाग के अधिकारियों,विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने शिरकत की। इस अवसर पर संतों,जनप्रतिनिधियों, गौपालक,गौशाला संचालक,गौ सेवक,किसान और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, समाजसेवी व गणमान्य नागरिको ने शिरकत की।


विज्ञापन के लिए 9414135588 पर संपर्क कीजिए