जोधपुर: गुजरात जा रही निजी बस और ट्रक के बीच भिड़ंत एक दर्जन सवारियां घायल
- ट्रक चालक फरार
- घायलों को लाया गया एमडीएम अस्पताल
जोधपुर(डीडीन्यूज),जोधपुर: गुजरात जा रही निजी बस और ट्रक के बीच भिड़ंत एक दर्जन सवारियां घायल। शहर के निकट जोधपुर- जैसलमेर रोड पर शनिवार रात निजी बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कोई जन हानि नहीं हुई लेकिन 12 से ज्यादा सवारियां घायल हो गई।
बस जोधपुर से गुजरात के मेहसाना जा रही थी। दुर्घटना की सूचना मिलने पर राजीव गांधी नगर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। इधर घायलों के अस्पताल पहुंचने के साथ ही अस्पताल अधीक्षक डॉक्टर विकास राजपुरोहित खुद व्यवस्थाएं संभालने पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार शहर की एक निजी ट्रेवल बस आज रात साढ़े आठ नौ बजे जोधपुर से गुजरात के मेहासाना के लिए निकली थी। यह बस जब जोधपुर जैसलमेर हाइवे केरू 12 मील के समीप पहुंची तब एक ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। भिड़ंत से बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। हादसे में 12 से ज्यादा सवारियां घायल हो गई। जिन्हें तत्काल जन सहयोग एवं एंबुलेंस की मदद से एमडीएम अस्पताल भिजवाया गया।
इधर दुर्घटना की जानकारी मिलने के साथ ही राजीव गांधी नगर पुलिस भी वहां पहुंची। बताया गया कि बस में 70 के आसपास सवारियां थी। ट्रक का चालक मौके से भाग गया। दुर्घटना के बाद एकबारगी हाइवे पर वाहनों का जाम लग गया। जिसे बाद में पुलिस ने दुरूस्त करवाया।
हादसे में यह लोग हुए घायल :-
इस हादसे में कांता देवी (60),कीकू (17),शोभना बहन (43),मीठाबाई, जसी बहन (60), दीक्षा बहन (32), गंगा पाटिल (75),भूरा भाई (71), गज्जू बहन (60) और सज्जन बहन (50) घायल हुई हैं।