जोधपुर रेलवे स्टेशन पर श्रमदान के साथ चला सघन स्वच्छता अभियान
कर्मचारियों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जोधपुर रेलवे स्टेशन पर श्रमदान के साथ चला सघन स्वच्छता अभियान। यात्रियों को स्वच्छ और बेहतर रेल परिसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल पर सोमवार को जोधपुर रेलवे स्टेशन पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान में रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान के तहत पार्सल कार्यालय से एमडीडीटीआई क्षेत्र तक सघन सफाई कार्यक्रम संचालित किया गया। इस दौरान परिसर में जमा कचरा हटाया गया,प्लेटफॉर्म व आसपास के क्षेत्रों की सफाई की गई तथा स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए विशेष ध्यान दिया गया।
कार्यक्रम में सफाई कर्मियों के साथ विभिन्न विभागों के रेल कर्मचारियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई और श्रमदान करते हुए स्टेशन परिसर की साफ-सफाई में सहयोग किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने कर्मचारियों को स्वच्छता के महत्व के बारे में भी बताया और सभी को अपने कार्यस्थल को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित किया।
नॉन-इंटरलॉक्ड रेलवे समपार फाटकों पर अब सीसीटीवी से होगी निगरानी
स्वच्छता अभियान में मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक दिलीप कुमार,दीपक त्रिवेदी,मुख्य वाणिज्य निरीक्षक मान सिंह राठौड़,मुख्य पार्सल पर्यवेक्षक किशनलाल चांवरिया, मुख्य टिकट निरीक्षक सुनील तथा स्टेशन प्रबंधक विजयलाल शर्मा सहित अन्य रेल कर्मचारियों ने भाग लिया और श्रमदान किया।
यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का प्रयास
रेल प्रशासन का कहना है कि स्टेशन परिसर को स्वच्छ बनाए रखने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रकार के स्वच्छता अभियान समय-समय पर चलाए जाते रहेंगे। ऐसे अभियानों से न केवल परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित होती है, बल्कि कर्मचारियों और यात्रियों में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
