महाप्रबंधक अमिताभ ने किया जैसलमेर स्टेशन का निरीक्षण
महत्वपूर्ण परियोजनाओं के कार्य शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),महाप्रबंधक अमिताभ ने किया जैसलमेर स्टेशन का निरीक्षण। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने शुक्रवार को जोधपुर रेल मंडल के जैसलमेर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान जोधपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उनके साथ उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने लगभग 140 करोड़ रुपये की लागत से मेगा रि-डेवलपमेंट योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित किए जा रहे जैसलमेर स्टेशन के विभिन्न कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं,स्वच्छता व्यवस्था तथा समग्र प्रबंधन की समीक्षा की।
महाप्रबंधक ने स्टेशन परिसर में स्थापित कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे स्टेशन क्षेत्र में की जा रही निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। इसके अतिरिक्त उन्होंने यात्रियों की सुविधा के लिए बने अमानती सामान घर (क्लॉक रूम) का निरीक्षण किया तथा ‘वन स्टेशन वन प्रोडक्ट’ योजना के अंतर्गत स्थापित स्टॉल का अवलोकन करते हुए स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने की पहल की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि लगभग 140 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित जैसलमेर रेलवे स्टेशन एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। पर्यटन एवं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस स्टेशन के विकास में यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगमता को विशेष प्राथमिकता दी गई है। स्टेशन भवन के निर्माण में स्थानीय स्थापत्य शैली तथा पीले बलुआ पत्थर की आकर्षक नक्काशी के माध्यम से क्षेत्रीय संस्कृति की झलक भी समाहित की गई है।
कनकपुरा स्टेशन यार्ड में तकनीकी कार्य से प्रभावित रहेंगी जयपुर रुट की ट्रेनें
यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर 10 लिफ्ट एवं 10 एस्केलेटर लगाए गए हैं। प्लेटफार्मों के बीच सुगम आवागमन के लिए 6 मीटर चौड़ाई वाले दो नए फुट ओवरब्रिज का निर्माण किया गया है। तीनों प्लेटफार्मों पर 10,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र को प्लेटफार्म शेल्टर से आच्छादित किया गया है। इसके अतिरिक्त विशाल सर्कुलेटिंग एरिया एवं एयर कॉनकोर्स का भी विकास किया गया है।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने स्टेशन पर प्रगति में चल रही महत्वपूर्ण परियोजनाओं-नवनिर्मित स्टेशन भवन,एयर कॉनकोर्स,पिट लाइन,सिक लाइन तथा वाशिंग लाइन का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए,ताकि यात्रियों को आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी,वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) मनोहर सिंह,वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अमित स्वामी,मुख्य परियोजना प्रबंधक सुनील कुमार, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर नितेश,वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सुपरवाइजर तथा बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी उपस्थित थे।
