सजगतापूर्ण ड्यूटी पर गेटमैन को महाप्रबंधक पुरस्कार

जोधपुर मंडल में गेटमैन की सतर्कता से टली संभावित रेल दुर्घटना

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),सजगतापूर्ण ड्यूटी पर गेटमैन को महाप्रबंधक पुरस्कार। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में एक रेलकर्मी की सजगता और तत्परता से संभावित रेल दुर्घटना टल गई। कर्तव्यनिष्ठा और सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने पर रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने बुधवार को मुख्यालय में उन्हें सम्मानित किया।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि 20 जनवरी 2026 को समपार फाटक संख्या 141 (पीपाड़ रोड-खेड़ी सालवा खंड) पर ड्यूटी के दौरान गेटमैन आमदीन ने वहां से गुजर रही एक मालगाड़ी के वैगन से अचानक चिंगारी और धुआं निकलते देखा। यह स्थिति संभावित तकनीकी खराबी का संकेत थी जिससे आगे चलकर गंभीर दुर्घटना की आशंका हो सकती थी।

सौंदर्यकरण कार्य का किया शिलान्यास

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए आमदीन ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए लाल झंडी प्रदर्शित कर ट्रेन को रुकवाने की कार्रवाई की। उनके इस त्वरित निर्णय से ट्रेन समय रहते रोक दी गई और संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई। इसके बाद रेलवे के तकनीकी कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर संबंधित वैगन की जांच की और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की।

इस तरह आमदीन की सजगता, कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित कार्रवाई के कारण एक बड़ी दुर्घटना टल गई जिससे यात्रियों और रेलवे संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकी। उनके इस उत्कृष्ट कार्य के लिए रेलवे प्रशासन द्वारा उन्हें महाप्रबंधक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।