पीपाड़ सिटी में किसान महापंचायत 12 को
जोधपुर, केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर बारह मार्च को पीपाड़ सिटी में किसान महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। संयुक्त किसान मोर्चा के जिला संयोजक आरके मेघवाल ने बताया कि तीनों किसान-मजदूर विरोधी काले कानूनों के खिलाफ राष्ट्रव्यापी किसान जन आन्दोलन चल रहा है। इसमें जोधपुर जिले द्वारा भागीदारी में कोई कमी नहीं है। आन्दोनल के तहत संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर धरने, प्रदर्शन, ट्रैक्टर रैली एवं अन्य सभी प्रकार की आन्दोलनात्मक गतिविधियों में जोधपुर इकाई बढ़ चढ़ कर भाग ले रही है। इसी कड़ी में 12 मार्च को स्व. ताराचन्द चौधरी के शहादत दिवस पर पीपाड़ सिटी में किसान महापंचायत का आयोजन रखा गया है। इस महापंचायत में जोधपुर जिले के साथ ही पड़ोसी जिलों व राज्य के अन्य जिलों से भी किसान बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
महापंचायत को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत, यूनियन के राष्ट्रीय महामंत्री युद्धवीर सिंह,राजस्थान जाट महासभा अध्यक्ष राजाराम मील,अखिल राजस्थान अनुसूचित जाति परिषद के आरपी सिंह, अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमराराम, बहुजन संघर्ष क्रांति मंच के प्रदेश अध्यक्ष शिवदान मेघवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष जमीयत उलेमा ए हिन्द के हाफिज मंसूर अली खान सहित कई नेता सम्बोधित करेंगे। मेघवाल ने बताया कि किसान महापंचायत की तैयारियां जोरों पर हैं। जिले की सभी तहसीलों में अलग-अलग दल गठित कर प्रचार प्रसार किया जा रहा है।