मतदान सामग्री व EVM संग्रहण हेतु पोलिटेक्निक कॉलेज में विस्तृत व्यवस्था
- जोधपुर नगर निगम चुनाव 2026
- आदेश जारी
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),मतदान सामग्री व EVM संग्रहण हेतु पोलिटेक्निक कॉलेज में विस्तृत व्यवस्था। नगर निगम जोधपुर चुनाव 2026 के अंतर्गत 11 सितंबर को मतदान संपन्न होने के पश्चात पीठासीन अधिकारियों द्वारा प्रयुक्त सील्ड ईवीएम,सील्ड व अनसील्ड रिकॉर्ड एवं अन्य सामग्री के सुरक्षित संग्रहण हेतु जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर)(नगर पालिका) आलोक रंजन द्वारा राजकीय पोलिटेक्निक महाविद्यालय,जोधपुर परिसर में व्यापक संग्रहण व्यवस्था के आदेश जारी किए गए हैं।
ईवीएम व निर्वाचन सामग्री लेकर मतदान दल रवाना
प्रभारी अधिकारी सामान्य व्यवस्था (सचिव, जोधपुर विकास प्राधिकरण),सहायक प्रभारी अधिकारीगण एवं अधीक्षण अभियंता (सानिवि) निर्धारित स्थानों पर बेरीकेडिंग लगाकर सहायक रिटर्निंग अधिकारीवार 10 संग्रहण टेंट/केंद्र स्थापित करेंगे,जिसके प्रभारी संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारी होंगे।
वार्डवार संग्रहण केंद्र एवं कक्ष आवंटन
सामग्री संग्रहण हेतु राजकीय पोलिटेक्निक महाविद्यालय,परिसर में वार्डवार टेंट स्थापित किए जाएंगे, जिसके तहत टेंट संख्या 1 में वार्ड 1-10, टेंट 2 में वार्ड 11-20, टेंट 3 में वार्ड 21-30, टेंट 4 में वार्ड 31-40, टेंट 5 में वार्ड 41-50, टेंट 6 में वार्ड 51-60, टेंट 7 में वार्ड 61-70, टेंट 8 में वार्ड 71-80, टेंट 9 में वार्ड 81-90 तथा टेंट संख्या 10 में वार्ड 91-100 के लिए प्रयुक्त सील्ड ईवीएम एवं सील्ड/अनसील्ड रिकॉर्ड संग्रहण केंद्र बनाए गए हैं।
इसी क्रम में,प्रयुक्त ईवीएम एवं अन्य मतदान सामग्री के संग्रहण हेतु राजकीय पोलिटेक्निक महाविद्यालय (छात्र), जोधपुर परिसर में कक्ष भी निर्धारित किए गए हैं, जिसके अंतर्गत वार्ड 1-10 के लिए कक्ष C-3, वार्ड 11-20 के लिए कक्ष C-8,वार्ड 21-30 के लिए कक्ष C-9,वार्ड 31-40 के लिए कक्ष C-6, वार्ड 41-50 के लिए पावर इलेक्ट्रॉनिक लैब,वार्ड 51-60 के लिए कक्ष C-7,वार्ड 61-70 के लिए रेडियो टीवी लैब,वार्ड 71-80 के लिए डिजिटल लैब,वार्ड 81-90 के लिए कक्ष C-10 तथा वार्ड 91-100 के लिए कैंटीन परिसर आवंटित किया गया है।
त्रि-स्तरीय काउंटर एवं सामग्री प्राप्तिकरण व्यवस्था
प्रत्येक सहायक रिटर्निंग अधिकारी के टेंट में सामग्री जमा करने हेतु तीन काउंटर (प्रत्येक काउंटर पर चार-चार सब- काउंटर) स्थापित किए जाएंगे। काउंटर नंबर 1 पर मुहरबंद मतदान मशीनों (BU व CU- स्ट्रांग रूम हेतु), रिकॉर्ड किए गए मतों का लेखा (फॉर्म 14 ग- अनसील्ड लिफाफा E-9), पीठासीन अधिकारी की घोषणाएं (अनसील्ड लिफाफा E-10), पीठासीन अधिकारी की डायरी,फॉर्म 14 ग की अतिरिक्त प्रति व मॉक पोल प्रमाण पत्र (अनसील्ड लिफाफा E-11), सेक्टर अधिकारी की डायरी मय रिपोर्ट, रिजर्व ईवीएम तथा PS-05 सांख्यिकी लिफाफा जमा किया जाएगा।
काउंटर नंबर 2 पर सील्ड सांविधिक लिफाफे (ई-1 से ई-6) तथा असांविधिक लिफाफे (ई-7,ई-8,ई- 12 से ई-14) जमा किए जाएंगे। काउंटर नंबर 3 पर पीठासीन अधिकारी की हैंडबुक,अमिट स्याही,सील, स्टाम्प पैड,वोटिंग कंपार्टमेंट तथा कैनवास बैग आदि स्टेशनरी सामग्री जमा की जाएगी।
टोकन,हेल्प डेस्क एवं विडियोग्राफी संग्रहण केंद्र
भीड़ नियंत्रण हेतु टेंट संख्या 11 में पृथक टोकन काउंटर बनाया गया है,जहाँ से टोकन प्राप्त कर मतदान दल निर्धारित प्रतीक्षा स्थल पर बैठेंगे और नंबर आने पर सामग्री जमा कराएंगे। मतदान दलों के मार्गदर्शन हेतु टेंट संख्या 12 में एक हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। मतदान केंद्रों की विडियोग्राफी सामग्री (सीडी,पेन ड्राइव,मेमोरी कार्ड आदि) के संग्रहण के लिए टेंट संख्या 13 में पृथक व्यवस्था की गई है, जिसे कोषाधिकारी (शहर) के स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा।
ड्यूटी प्रमाण पत्र,TA/DA भुगतान एवं वाहन मुक्ति केंद्र
सामग्री जमा कराने के पश्चात मतदान दलों को उपस्थिति व ड्यूटी प्रमाण पत्र जारी करने हेतु वार्ड 1 से 50 के लिए टेंट संख्या 14 तथा वार्ड 51 से 100 के लिए टेंट संख्या 15 निर्धारित किया गया है।
समस्त 100 वार्डों के मतदान दलों एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों के यात्रा भत्ता बिलों के भुगतान व समायोजन हेतु राजकीय पोलिटेक्निक महाविद्यालय (छात्र) में टेंट संख्या 16 तथा वाहनों की लॉगबुक पूर्ति, अधिग्रहण मुक्ति व भुगतान हेतु टेंट संख्या 17 स्थापित किया गया है। परिसर के मुख्य द्वार पर स्थित टेंट संख्या 18 में एक केंद्रीय पूछताछ केंद्र रहेगा।
त्रि-स्तरीय सुरक्षा,स्ट्रांग रूम सीलिंग व नागरिक सुविधाएं
संग्रहण स्थल एवं स्ट्रांग रूम की सुरक्षा हेतु पुलिस कमिश्नर/पुलिस अधीक्षक द्वारा 11 सितंबर 2026 दोपहर 3:00 बजे से 14 सितंबर 2026 को मतगणना समाप्ति तक त्रि-स्तरीय सशस्त्र गार्ड तैनात किए जाएंगे। सील्ड ईवीएम को स्ट्रांग रूम में रखकर कमरों को सील किया जाएगा,जहाँ अभ्यर्थी या उनके एजेंट उपस्थित रह सकेंगे।
पोर्टल sec.rajasthan.gov.in पर वार्डवार व बूथवार मतदान डेटा ऑनलाइन फीड किया जाएगा तथा स्थल पर निर्बाध विद्युत,जनरेटर,शुद्ध पेयजल, चिकित्सा दल मय एम्बुलेंस,अग्निशमन वाहन, रियायती कैंटीन एवं बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन हेतु बस सेवाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
