जिला स्तरीय पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम आयोजित
डबल इंजन की सरकार बाल कल्याण और नारीशक्ति के उत्थान के लिए कृत संकल्पित
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जिला स्तरीय पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम आयोजित। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण पखवाड़ा का जिला स्तरीय कार्यक्रम शनिवार को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। पोषण पखवाड़ा 9 अप्रैल से 23 अप्रैल तक पूरे देश में मनाया जा रहा है।
11 हजार अमृत पोषण वाटिकाओं का होगा निर्माण
इस अवसर पर पटेल ने कहा हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार बाल कल्याण और नारीशक्ति के उत्थान के लिए कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों के समग्र विकास तथा खेल आधारित शिक्षा के लिए लगभग 323 करोड़ रुपए की लागत से खेल सामग्री एवं ‘जादुई पिटारा’ उपलब्ध करवाया जाएगा। महिला स्वयं सहायता समूह के आजीविका संवर्द्धन की दृष्टि से लगभग 500 करोड़ रूपये की लागत से 11 हजार अमृत पोषण वाटिकाओं का निर्माण करवाया जाएगा।
अर्ली चाइल्डहुड केयर डेवलपमेंट एंड एजुकेशन पॉलिसी लाई जाएगी
पटेल ने कहा बजट घोषणा के अनुरूप ‘राजस्थान स्टेट अर्ली चाइल्डहुड केयर डेवलपमेंट एंड एजुकेशन पॉलिसी’ लाई जाएगी। 11 हजार 924 आंगनबाड़ियों में मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण सम्बन्धी कार्यों हेतु 246 करोड़ रुपये की लागत से मरम्मत कार्य करवाये जा रहे है।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम से मिलेगा समुचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व
संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से मातृशक्ति को लोकसभा एवं राज्यों की विधान सभाओं में 33 फ़ीसदी आरक्षण से राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है। यह ऐतिहासिक कदम महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में भागीदार बनाकर उन्हें सशक्त करेगा और राष्ट्र के समावेशी विकास में उनकी भूमिका को और सुदृढ़ करेगा।
रीको के ₹750 करोड़ रिफाइनरी निवेश प्रस्ताव पर जेआईए का कड़ा विरोध
मुख्यमंत्री सुपोषण न्यूट्री किट योजना
विधि मंत्री ने कहा मुख्यमंत्री सुपोषण न्यूट्री किट योजना के तहत गर्भवती महिलाओं की पोषण सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। हम सभी को मिलकर एक ऐसा राजस्थान बनाना है जहां हर बच्चा स्वस्थ,हर महिला सुपोषित और हर परिवार खुशहाल हो।
20 महिलाओं को दिए नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम में विधि मंत्री ने 20 महिलाओं को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के पद पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए। 2 महिलाओं को यूनिफार्म के लिए और एक लाभार्थी को पीएम मातृ वंदना के तहत चेक का वितरण किया। 8वां पोषण पखवाड़ा के पोस्टर का विमोचन किया। 5 लाभार्थियों को सुपोषण न्यूट्री किट का भी वितरण किया।
ये थे उपस्थित
कार्यक्रम में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा,उपखंड अधिकारी लूणी हसमुख कुमार,उप निदेशक (आईसीडीएस) रावतराम,सीडी पीओ निम्बाराम हुड्डा,छोटू सिंह राठौड़,खींवराज जांगिड़ सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
