मुआवजे और आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर नांदड़ी जीएसएस पर धरना
- सारण नगर में विद्युतकर्मी के झुलसने का मामला
- बनाड़ थाने में भाई ने कराई नामजद रिपोर्ट दर्ज
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),मुआवजे और आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर नांदड़ी जीएसएस पर धरना। शहर के बनाड़ रोड स्थित सारण नगर ओवरब्रिज के पास गुरुवार को बिजली फॉल्ट ठीक करने विद्युत पोल पर चढ़ा कर्मचारी करंट से झुलस गया था। करंट का झटका लगने के बाद नीचे जमीन पर गिरा और उसके पेट में सरिया घुस गया। इसका एक वीडियो भी वायरल हुआ था। बाद में घायल को उसके साथ कर्मचारियों ने अस्पताल में भर्ती करवाया। घायल की हालत स्थिर बनी है।
पांच लाख ऐंठे पीड़िता को मिल रही धमकी
इधर घटना से क्षुब्ध क्षेत्रवासियों और बिजली महकमें से जुड़े लोगों ने नांदड़ी जीएसएस पर धरना दिया और मुआवजे की मांग रखी। दोपहर तक अधिकारियों और धरना देने वाले लोगों के बीच समझौता और कार्रवाई को लेकर वार्ता चलती रही। घायल के भाई रमेश प्रजापत की तरफ से जयपाल नाम के शख्स को नामजद कर बनाड़ थाने में रिपोर्ट दी गई है।
जानकारी के अनुसार बिजली कर्मचारी गणेश प्रजापत नांदड़ी का रहने वाला है। एफआरटी टीम की ओर से ठेके पर काम करता है। पिछले करीब दस साल से बिजली का काम कर रहा है। वर्तमान में नादड़ी के एईएन ऑफिस में पोस्टेड है। वह बिजलीघर के सरकारी स्टाफ के साथ गुरुवार की शाम 11 केवी की लाइन की केबल जोडऩे गया था। फॉल्ट ठीक करने खंभे पर चढ़ा था। इससे पहले स्टाफ ने शटडाउन को लेकर पूछा था।
स्टाफ के शटडाउन लेने पर हामी भरने पर खंभे चढ़ा। इस दौरान तार छूते ही करंट लगा। तारों से चिंगारी निकलते ही स्टाफ ने रस्सी फेंककर उसे खींचना चाहा। इतने में ही करीब 22 फीट ऊंचाई से नीचे जमीन पर गिरा। इस बीच जमीन पर पड़ा सरिया उसके पेट में घुस गया। उसके साथ काम करने वाला स्टाफ निजी अस्पताल लेकर गए। जहां से महात्मा गांधी हॉस्पिटल रेफर किया गया। करंट से उसके पैर और एक हाथ झुलस गया।
इधर नांदड़ी एईएन दिनेश यादव ने बताया कि गणेश एफआरटी स्टाफ के तौर पर काम करता है। फीडर में लाइन जोडऩे के काम से गया था। हादसा कैसे हुआ या किसकी लापरवाही से रही। इसकी जांच करवाई जा रही है।