घर में चोरी के लिए घुसा दंपत्ती, पति भागते हुए गिरा

पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर चुराया माल बरामद किया

जोधपुर, शहर के रातानाडा इलाके में सरदार क्लब स्कीम एयरफोर्स रोड पर एक दंपत्ती घर में चोरी के लिए घुसा। गैस सिलेण्डर और कंप्यूटर के दो यूपीएस को खोलने के बाद घर से बाहर निकले। आस पास पड़ौसियों को पता लगने पर वे चिल्लाए। तब दंपत्ती भागने लगा। पति सड़क़ पर ठोकर लगने से गिरा और चोट लग गई। रंगे हाथों पकड़ऩे के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दंपत्ती को गिरफ्तार कर लिया है।

रातानाडा पुलिस थाने के एएसआई छैलसिंह ने बताया कि सरदापुरा प्रथम बी रोड निवासी नितेश माथुर पुत्र कैलाशलाल माथुर की तरफ से रिपोर्ट दी गई। इसमें बताया कि उसका एक मकान सरदार क्लब स्कीम एयरफोर्स रोड पर है। घर दिन में सूना पड़ा था। तब एक महिला और पुरूष घर में घुसे और वहां से रसोईघर में जाकर गैस सिलेण्डर को खोलकर बाहर आंगन में रखा। फिर कंप्यूटर रूम में जाकर दो यूपीएस को भी खोलकर बाहर लाए।

घर में दिन दहाड़े हुई चोरी का पता आसपास के लोगों को लगने पर वे चिल्लाए। इस दौरान चोरी करने आया व्यक्ति भागने लगा। तब वह गिर गया। एएसआई छैलसिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी तुरंत वहां पहुंची। पुलिस का चेतक वाहन भी आ गया। तब महिला व पुरूष को गिरफ्तार किया गया। यह लोग पास की बस्ती के ही रहने वाले भाखर उर्फ सागर पुत्र घेवरराम और उसकी पत्नी कोमल निकले।

दोनों को चोरी प्रयास के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। घर में तीन दरवाजों के ताले तोड़ऩे के साथ गेट का ताला भी तोड़ा गया। भाखर उर्फ सागर भागते समय गिर गया था जिससे वह जख्मी हो गया। उसका प्राथमिक उपचार करवा दिया गया।

Similar Posts