मसीही समाज ने कोरोना गाइडलाइन के बीच मनाया क्रिसमस

जोधपुर, दया, प्रेम और करूणा के प्रतीक प्रभु यीशु का जन्मोत्सव क्रिसमस शुक्रवार को शहर में उमंग और उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान सभी गिरजाघरों में कोरोना गाइडलाइन का पूरा ध्यान रखा गया। बिना मास्क किसी श्रद्धालु को प्रवेश नहीं दिया गया। सभी लोगों की थर्मल स्केनिंग की गई। सभी गिरजाघरों में सीमित लोगों की उपस्थिति में प्रार्थना सभा व अन्य आयोजन हुए और मसीही समाज के लोग घरों से ही इनमें अपनी भागीदारी निभाई। क्रिसमस पर शहर के सभी गिरजाघरों को भव्य रोशनी से सजाया गया। प्रार्थना सभा और एक-दूसरों को क्रिसमस की बधाई देने के बाद गरीब व जरूरतमंद लोगों को उपहार बांटे गए। मसीही समाज के घरों में प्रभु यीशु के जन्म पर बड़े दिन से जुड़े खुशियों के गीत गाए। समूचे विश्च को प्रेम-दया का संदेश देने वाले प्रभु यीशु मसीह के जन्मदिन पर क्रिसमस के उपलक्ष्य में आकर्षक रोशनी से सजे चर्च में मसीही समाज व कैथोलिक अनुयायियों ने मित्रों-परिजनों को केक खिलाकर क्रिसमस की बधाई दी। इससे पहले गुरुवार रात्रि को जोधपुर शहर के सभी प्रमुख गिरिजाघरों में मिड-नाइट कैंडल लाइट सर्विस का आयोजन किया गया। कोरोना गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए अधिकांश गिरिजाघरों में यह आराधना ऑनलाइन आयोजित की गई। मध्यरात्रि आराधना के बाद चर्च में क्रिसमस की बधाइयां देने का सिलसिला आरंभ हो गया था। शुक्रवार को सुबह सभी चर्च में क्रिसमस आराधना की गई। एसएम चर्च व कुड़ी आराधनालय की आराधना संयुक्त रूप से एसएम चर्च में हुई। कैथोलिक समुदाय ने जहां गुरुवार रात्रि में पर्व मनाया वहीं प्रोटेस्टेट समुदाय ने आज क्रिसमस डे मनाया। सवेरे से ही प्रार्थना सभा के साथ खुशियां मनाई गई। मसीही समाज के लोगों ने अपने-अपने घरों में क्रिसमस ट्री लगाई और मिठाई आदि बनाकर अपने रिश्तेदारों और दोस्तों का मुंह मीठा कराकर क्रिसमस डे की बधाई दी।
कोरोना से मुक्ति की प्रार्थना की। क्रिसमस डे के अवसर पर गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभा व आराधना के बाद पूरे विश्व को कोरोना महामारी से निजात दिलाने की प्रार्थना की गई। परिवार में सुख समृद्धि और विश्व में अमन चैन कायम रहे इसके लिए बिशप और पादरियों ने गिरजाघर में विशेष आराधना करवाई, प्रभु यीशु के बारे में बताया और बाइबिल पाठ किया। इन सबका आनलाइन प्रसारण किया गया। बच्चों ने विभिन्न भाषाओं में कैरल्स गाए और केक काटकर क्रिसमस की खुशियां मनाई।

Similar Posts