जोधपुर, शहर की बेटी चित्रलेखा सेन ने पाश्र्व गायिका के रूप में अपनी एक पहचान बनाई है। मुंबई में रहते हुए चित्रलेखा ने अब तक कई हिंदी व अंग्रेजी गानों को अपनी आवाज़ दी है। कोरोना काल में जोधपुर में रहते हुए राजस्थानी गीतों के बारे में सोचते हुए अपनी संस्कृति व राजस्थानी भाषा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बन्ना रे… गीत को गाने की सोची,जिसे दुबई के इंटरनेशनल डीजे शैडो के साथ मिलकर तैयार किया। हाइड ऑउट मार्वल उम्मेद में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में चित्रलेखा के नए गीत बन्ना रे… की लॉन्चिंग की गई। सेन का पहला एल्बम ‘मैं ते मर जावां’ आया था। उसके बाद फ़िल्म रेस-3 में शिवाय व्यास के साथ और फिल्म जर्नी ऑफ कर्मा में दिनेश अल्फोज के साथ भी काम कर चुकी है। शुभम गोयल के लिखे ‘पिया-पिया मोरा लागे न जिया’ गीत को गाने के साथ यारम फ़िल्म में यासिर देसाई के साथ भी अपनी आवाज़ का जादू बिखरने वाली चित्रलेखा के बारिश गीत को भी लोगों ने खूब पसंद किया है। चित्रलेखा अब तक बड़े सिंगर सोनू निगम, कुमार राकेश, अलका याग्निक, स्टेबिन बेन, यशीर देसाई, श्रुति पाठक, सनम पूरी, अनन्या बिड़ला, राहुल जैन, और कुनाल वर्मा के साथ काम कर चुकी है।