युवाओं को संस्कृति से जुड़ने का आह्वान-व्यास

साफा प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),युवाओं को संस्कृति से जुड़ने का आह्वान- व्यास। हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में ऐसे आयोजनों का योगदान अतुलनीय है। यह विचार राज्य मानवाधिकार आयोग के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व न्यायाधीश गोपाल कृष्ण व्यास ने व्यक्त किए। वे रविवार को भूतनाथ मंदिर परिसर में पुष्करणा सृजन सोसायटी एवं पुष्करणा चिंतन के तत्वावधान में नववर्ष के अवसर पर आयोजित साफा बांधने के प्रशिक्षण शिविर को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि पारंपरिक कलाओं और रीति-रिवाजों को सीखने एवं अपनाने के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आना चाहिए। विशेष रूप से युवाओं और बच्चों से उन्होंने अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने राजस्थानी गीत ‘फेंटा’ प्रस्तुत कर कार्यक्रम में रंग भर दिया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओमकार वर्मा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि लुप्त होती परंपराओं को पुनर्जीवित करने का यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि आज के समय में साफा पहनने की इच्छा तो हर किसी में होती है,लेकिन उसे बांधने की कला बहुत कम लोगों को आती है। ऐसे प्रशिक्षण शिविर युवाओं और बच्चों को अपनी विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जोधपुर-रामदेवरा-भगत की कोठी स्पेशल ट्रेन 26 मार्च तक चलेगी

इस अवसर पर दुर्गादास राठौड़ स्मृति समिति के सचिव भागीरथ वैष्णव एवं वीरेंद्र सिंह चौहान ने साफा प्रशिक्षक मनोज बोहरा का साफा पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ओमकार वर्मा ने भी शॉल और सूत की माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में पुष्करणा सृजन सोसायटी के अध्यक्ष आनंद राज व्यास,जेके जोशी एवं रमेश सिसोदिया ने अतिथियों का माला एवं साफा पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन आनंद जोशी ने किया।