बहन की हत्या के आरोपी भाई को भेजा जेल, वारदात में प्रयुक्त कार भी जब्त

जोधपुर, शहर के निकटवर्ती बनाड़ स्थित नादड़ी विष्णु नगर में बहन की हत्या के आरोप में पकड़े गए अभियुक्त भाई को रिमाण्ड अवधि खत्म होने पर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा मेें भेज दिया गया। उससे वारदात में प्रयुक्त कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया। वह पांच दिन की पुलिस अभिरक्षा में चल रहा था। पूर्व में उससे हथियार आदि जब्त कर लिए गए थे।

घटना में फरार भाई श्रवणराम विश्रोई को गत रविवार को गिरफ्तार किया गया था। अब तक जांच में सामने आया कि वह संपत्ति विवाद के साथ ही अपनी बहन के लंबे समय से ससुराल नहीं जाने से लोगों की उलाहना सुन रहा था। काफी समय से इस बात को लेकर वह तंग और परेशान था। उसका आटे साटे में ब्याह हो रखा था। रिश्तेदारी में आना जाना मुश्किल हो रहा था। संपत्ति के बारे में पता लगा कि उसके पिता ने संपत्ति छोटे भाई के नाम कर रखी थी और बाद में वह मां के नाम पर हो गई। मां इस संपत्ति को बेचना भी चाह रही थी। जिसको लेकर भी वह विवाद करता आ रहा था।

सनद रहें कि नादड़ी स्थित विष्णुनगर में निरमा पुत्री बाबूलाल विश्रोई अपनी मां के साथ यहां पर रहती थी। 10 मार्च की सुबह साढ़े आठ से पौने नौ बजे के बीच में निरमा का भाई जोलियाली झंवर का रहने वाला  ज्ञानप्रकाश उर्फ श्रवणराम विश्रोई कार लेकर आया था। वह घर में गया और मां बहन से कुछ बहस होने के बाद रिवाल्वर निकाल कर हमला किया। रिवाल्वर से गोली चलाने लगा तब उसकी मां भाग गई, मगर निरमा अपने को नहीं बचा सकी। उसने निरमा पर गोलियां चला दी। इससे वह मौके पर ही ढेर हो गई।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन डाउनलोड करें – http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews