जोधपुर सहित कई जिलों में पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी
- हडक़ंप मचा
- पंद्रह से ज्यादा जिलों में चला सर्च अभियान
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जोधपुर सहित कई जिलों में पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी जोधपुर,बाड़मेर,जैसलमेर, पाली सहित प्रदेश के कई जिलों में स्थित पासपोर्ट कार्यालयों को आज बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हडक़ंप मच गया। जयपुर रीजनल ऑफिस की मेल पर आईएसआई के नाम से भेजे गए ई-मेल में लिखा-दोपहर 1 बजे गैस बम ब्लास्ट होंगे। सूचना पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। एहतियातन संबंधित कार्यालयों और बिल्डिंगों को खाली करवा दिया गया।
जोधपुर मंडल में कवच 4.0 के लिए 80 करोड़ मंजूर
जोधपुर के पाल रोड स्थित पासपोर्ट ऑफिस में आज उस समय भगदड़ मच गई जब असिस्टेंट पासपोर्ट ऑफिसर विनय सक्सेना के पास पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी का मेल आया। इसके बाद शास्त्री नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और पासपोर्ट ऑफिस के चप्पे चप्पे को खंगाला गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस को यहां कुछ नहीं मिला। तब जाकर यहां के कर्मचारियों ने राहत की सांस ली
इसी तरह बाड़मेर,जैसलमेर,पाली, जयपुर,नागौर,सीकर,बांसवाड़ा, प्रतापगढ़,सवाईमाधोपुर,अजमेर, कोटा,भीलवाड़ा,चित्तौडग़ढ़, श्रीगंगानगर,झालावाड़ जिलों में भी सूचना के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर बम निरोधक दस्तों, सिविल डिफेंस, डॉग स्क्वॉयड को बुलाया गया। हालांकि कहीं भी सर्च में संदिग्ध वस्तु मिलने की सूचना नहीं है। सुरक्षा एजेंसियों को ऑफिसों में किसी तरह की कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
जैसलमेर में पासपोर्ट ऑफिस को किया सील
जैसलमेर में धमकी के बाद पासपोर्ट ऑफिस को सील कर दिया गया। सभी स्टाफ व आवेदकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सुरक्षा के लिहाज से केवल पासपोर्ट ऑफिस ही नहीं,बल्कि पूरे मुख्य डाकघर को भी खाली करवा लिया गयौ। डाकघर के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर पुलिस ने सुरक्षा घेरा बना लिया है। पाली में धमकी के बाद पुराना बस स्टैंड के पास स्थित मुख्य डाकघर और पासपोर्ट ऑफिस से पूरा स्टाफ बाहर आ गया। सूचना मिलने पर एएसपी जयसिंह तंवर और कोतवाली थानाधिकारी रविंदर सिंह खींची पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बाहर जुटी भीड़ को हटाया।
